श्रेयंका पाटिल वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप से बाहर: नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में टखने में चोट लगी थी, प्रेमा रावत को मौका मिला
Published: Updated:
3 min read

श्रेयंका पाटिल पावरप्ले के आखिरी ओवर में गेंद रोकने की कोशिश करते समय चोटिल हो गईं। उनका पैर मुड़ गया और टखने में गंभीर चोट लग गई। ( फोटो सोर्स -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की ऑफ स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल टखने में चोट लगने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह लेग स्पिनर प्रेमा रावत को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
श्रेयंका को नीदरलैंड्स के खिलाफ इंजरी हुई
भारत और नीदरलैंड्स के बीच बुधवार को खेले गए मुकाबले में यह हादसा हुआ। भारत ने मैच में 95 रन से जीत दर्ज की। श्रेयंका ने पावरप्ले का आखिरी ओवर किया। दूसरी बॉल पर बैटर ने तेज शॉट खेला, जिसे श्रेयंका ने रोकने की कोशिश की, इसी दौरान उनके पैर में चोट लगी। उनका पैर मुड़ गया और टखने में गंभीर चोट लग गई।
चोट लगते ही श्रेयंका अपने दाएं पैर को पकड़कर बैठ गईं। टीम के फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे। श्रेयंका खड़ी नहीं हो पा रही थीं। हालत ऐसी थी कि उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। वह मैच में सिर्फ एक गेंद ही फेंक सकीं।

ICC ने ऑफिशियल बयान जारी किया
इसके बाद ICC की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने भारतीय टीम में बदलाव को मंजूरी दे दी। ICC ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि श्रेयंका पाटिल की जगह 24 साल की प्रेमा रावत को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
प्रेमा ने IPL में 6 मैच खेले
प्रेमा को पहली बार भारतीय सीनियर वुमन्स टीम में जगह मिली है। वह पिछले 2 सीजन से वुमन्स प्रीमियर लीग (WPL) में खेल रही हैं और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से 6 मैच खेल चुकी हैं। हाल ही में प्रेमा ने राइजिंग स्टार्स वुमन्स एशिया कप में भी शानदार प्रदर्शन किया था।
उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 8 विकेट लिए और उनका इकॉनोमी रेट 4.27 रहा। प्रेमा के प्रदर्शन की बदौलत इंडिया-ए टीम ने खिताब भी जीता था। वह जल्द ही इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा थीं, लेकिन अब उन्हें सीधे वर्ल्ड कप टीम में मौका मिल गया है।

2026 T20 वर्ल्ड कप में एक मैच खेला
दूसरी ओर, श्रेयंका की चोट की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले कुछ साल उनके लिए काफी मुश्किल रहे हैं। जुलाई 2024 में उंगली टूटने के कारण वह उस साल का टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेल पाई थीं।
श्रेयंका इस टूर्नामेंट में चोटिल होने से पहले केवल पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच खेल सकी थीं। इस मुकाबले में उन्होंने 3 ओवर में सिर्फ 17 रन दिए थे।

