PCB को प्लेयर नहीं, गुलाम चाहिए: शोएब अख्तर बोले- उन्हें लल्लू और पंजुओं की जरूरत, एग्रेसिव प्लेयर्स के बारे में तो वो सोचते तक नहीं
Published:
2 min read

शोएब अख्तर ने PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी पर भी ने निशाना साधा और कहा कि जब तक कोई पढ़ा लिखा, दूर की सोच वाला आदमी पाकिस्तान बोर्ड में नहीं आएगा, तब तक कुछ नहीं बदलेगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के फाइनल में टीम इंडिया से हारने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल जारी है। फैन्स और एक्स क्रिकेटर इस हार से काफी निराश हैं। शोएब अख्तर ने PCB (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) और टीम मैनेजमेंट पर निशाना साधा है।
PCB को गुलाम चाहिए
एक टीवी शो में शोएब ने कहा- PCB ऐसे प्लेयर टीम में शामिल करना चाहता है जो सिर्फ हां में हां मिला सके। हमें शरीफ बच्चे चाहिए जो रात 8 बजे कर्फ्यू मानकर घर बैठ जाएं। बोर्ड को अब ऐसे ही लल्लू-पंजू पसंद हैं। मैनेजमेंट एग्रेसिव और दमदार प्लेयर को टीम में लेना ही नहीं चाहता।

टीम में पुरानी वाली बात नहीं
शोएब ने आगे कहा- पाकिस्तान की टीम में अब वो पुरानी वाली बात नहीं है जो 90 के दशक में हुआ करती थी। इसके लिए PCB की कमजोर लीडरशिप जिम्मेदार है। जब आपका कप्तान ही कमजोर होगा तो बाकी टीम कैसे परफॉर्म करेगी। जब कप्तान बोर्ड का गुलाम हो और उनके इशारे पर काम करता हो तो आप अच्छे नतीजों की उम्मीद कैसे कर सकते हैं।

एशिया कप फाइनल में गलत फैसले
शोएब ने टीम की स्ट्रैटेजी और सिलेक्शन को भी गलत बताया। उन्होंने कहा- मैच के दौरान गलत डिसीजन लिए गए। फाइनल में आखिरी ओवर में हारिस रऊफ से बॉलिंग कराना भूल थी।
PCB में एजुकेटेड आदमी चाहिए
PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी पर भी शोएब ने निशाना साधा। कहा- अब मोहसिन नकवी हैं। अगली बार कोई और साहब आ जाएंगे। जब तक कोई पढ़ालिखा, दूर की सोच वाला आदमी पाकिस्तान बोर्ड में नहीं आएगा, तब तक कुछ नहीं बदलेगा।
PCB से दूर रहना है
शोएब ये भी बताया कि वो खुद कभी PCB का हिस्सा नहीं बनना चाहते। उन्होंने कहा- मैंने रिटायरमेंट के पहले दिन ही तय कर लिया था कि PCB से दूर रहूंगा। यहां जो भी गया, इज्जत के साथ वापस नहीं आया। मैं TV पर काम करता हूं, पैसे लेता हूं और आराम से बैठता हूं।

