शोएब अख्तर-आसिफ ड्रग स्मगलिंग करते थे: पूर्व IRS अफसर का दावा- ये बात दोनों प्लेयर्स ने खुद कबूली थी, दोनों को पाकिस्तान भेज दिया था
Published:
5 min read

स्पोर्ट्स/नेशनल डेस्क. पाकिस्तान के क्रिकेट प्लेयर्स भारत दौरे पर ड्रग स्मगलिंग में इन्वॉल्व थे। यह दावा पूर्व IRS अफसर आरवीएस मणि ने किया है।
न्यूज एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में मणि ने कहा- इसके तमाम सबूत मौजूद हैं कि शोएब अख्तर और मोहम्मद आसिफ ड्रग ट्रैफिकिंग में शामिल थे।
‘राज एक्सप्रेस’ के इस एक्सप्लेनर में हम आपको पूर्व IRS अफसर के आरोप और पाकिस्तानी प्लेयर्स की ड्रग सिडिंकेट से नजदीकियों के कुछ पुराने किस्से भी बताएंगे। चलिए इस मामले को समझते हैं….

पहले IRS मणि की बात सुनिए
- इस इंटरव्यू में IRS मणि ने हैरान करने वाली बातें कहीं। मणि के मुताबिक- पाकिस्तानी टीम पुराने दौर में जब भी भारत दौरे पर आती थी तो उसके कुछ प्लेयर्स खास तौर पर शोएब अख्तर और मोहम्मद आसिफ ड्रग्स लेकर आते थे। यहां क्रिकेट के बहाने ड्रग ट्रैफिकिंग का खेल भी होता था।
- मणि ने इस कड़ी शाहिद अफरीदी और सलीम मलिक के नाम भी लिए। इंडियन रेवेन्यू सर्विस के इस अफसर ने कहा- एक बार पाकिस्तानी हाईकमीशन को इस बारे में हमारी इंटेलिजेंस एजेंसीज ने जानकारी दी थी।
- इसके बाद पाकिस्तान हाईकमीशन ने इन दोनों प्लेयर्स को बुलाया। पूछताछ में दोनों ने माना कि वो ड्रग्स लेकर आए हैं। इसके बाद उन्हें पाकिस्तान वापस भेज दिया गया। हालांकि, प्लेयर्स ही क्यों, पाकिस्तान से जो डेलिगेशन भारत आते थे, वो भी ड्रग ट्रैफिकिंग में सीधे इन्वॉल्व थे।

अख्तर और आसिफ चुप
- सोशल मीडिया पर IRS मणि का क्लिप वायरल हो रहा है, लेकिन अब तक शोएब या आसिफ की तरफ से इस पर कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है।
- इस मामले में एक बार और अहम हो जाती है कि किसी भारतीय इंटेलिजेंस एजेंसी ने कभी प्लेयर्स के ड्रग ट्रैफिकिंग में शामिल होने के आरोप नहीं लगाए। IRS मणि पहले अफसर हैं, जो इस मुद्दे पर बोले।
- हालांकि, मणि ने यह दावा जरूर किया कि इंटेलिजेंस एजेंसीज के पास इन प्लेयर्स की हरकतों के बारे में जानकारी थी, और उन पर नजर भी रखी जा रही थी।

ये आरोप नए नहीं
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज अता-उर-रहमान और सरफराज नवाज ने भी पाकिस्तान टीम ड्रग्स कल्चर को लेकर खुलेआम आरोप लगाए थे।
रहमान आजकल लंदन में टैक्सी चलाते हैं। उन्होंने कहा था- ड्रग्स के बदले मैच फिक्सिंग भी होती थी। वेस्ट इंडीज में एक बार किसी समुद्री बीच पर पाकिस्तानी प्लेयर्स को ड्रग्स लेते पकड़ा गया था। हालांकि, डिप्लोमैटिक चैनल्स का इस्तेमाल किया गया और उन्हें छोड़ दिया गया।

बॉब वूल्मर की मौत अब भी मिस्ट्री
- 2007 का वनडे वर्ल्ड कप वेस्ट इंडीज में खेला गया था। इस वक्त पाकिस्तान के कोच थे बॉब वूल्मर।
- पाकिस्तान इस टूर्नामेंट के एक मैच में आयरलैंड जैसी छोटी टीम से हार गया था। कहा जाता है कि मैच के बाद होटल में वूल्मर ने टीम के कुछ प्लेयर्स पर शक जताते हुए उन्हें फटकार लगाई थी।
- 58 साल के वूल्मर की कुछ घंटे बाद उनके ही कमरे में लाश मिली थी। जमैका पुलिस ने इसे नॉर्मल डेथ नहीं माना था। उसका कहना था कि वूल्मर के गले और शरीर पर चोट के निशान थे।
- हालांकि, बाद में फोरेंसिक जांच में कहा गया कि वूल्मर की मौत की वजह दिल का दौरा पड़ने से हुई थी। खास बात यह है कि इस रिपोर्ट में शरीर और गले पर मिले चोट के निशान के बारे में कुछ नहीं कहा गया था।
वूल्मर की मौत पर मणि ने क्या कहा
- मणि ने कहा- उस दौर में कहा जाता था कि अगर पाकिस्तान के जलालाबाद में ज्यादा अफीद पैदावार हुई तो इससे भारत में दिक्कत हो जाएगी। इसकी वजह यह थी कि अफीम के कारोबार से मिला पैसा भारत में आतंकवाद के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
- मणि ने कहा- पाकिस्तान के पूर्व कोच बॉब वूल्मर ने टीम में ड्रग कल्चर और स्मगलिंग का सख्त विरोध किया था। 6 महीने बाद ही उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उस वक्त पूरी पाकिस्तान टीम उस होटल में मौजूद थी।
- मणि ने आखिर में कहा- पाकिस्तान की यह ऑफिशियल पॉलिसी रही है कि वो भारत में ड्रग्स सप्लाई करे। भारत में होने वाले 30% आतंकी हमलों की फंडिंग ड्रग्स के जरिए ही होती थी।

