शोएब अख्तर का टंग ट्विस्टर: अभिषेक शर्मा को अभिषेक बच्चन बताया; एक्टर बोले- माफ कीजिए सर, मैं अच्छा क्रिकेटर नहीं हूं
Published:
2 min read

शोएब अख्तर ने एक शो में इंडियन प्लेयर अभिषेक शर्मा को अभिषेक बच्चन कह दिया। खुद अभिषेक बच्चन ने इस पर रिएक्ट कर दिया। फाइल फोटो।
पाकिस्तान के एक्स क्रिकेटर शोएब अख्तर ने अभिषेक शर्मा को गलती से अभिषेक बच्चन बोल दिया। एक क्रिकेट शो में उनका टंग ट्विस्ट हो गया। उन्होंने कहा कि एशिया कप के फाइनल में अगर पाकिस्तानी बॉलर इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा को जल्दी आउट कर लेते हैं तो उनकी टीम बिखर जाएगी। हालांकि, उन्होंने यहां शर्मा को गलती से बच्चन बोल दिया। इस पर खुद अभिषेक बच्चन ने रिएक्ट किया।
अभिषेक को आउट कर लिया तो मिडिल ऑर्डर कुछ नहीं
अख्तर ने पाकिस्तानी शो गेम ऑन है में कहा, ’अगर पाकिस्तानी बॉलर्स अभिषेक 'बच्चन' को जल्दी आउट कर लें तो मुझे नहीं लगता कि उनका मिडिल ऑर्डर कुछ कर पाएगा। उनके मिडिल ऑर्डर ने कुछ खास परफॉर्म नहीं किया है।’
इसके बाद शोएब के साथ बैठे प्रजेंटर ने उनकी गलती सुधारी कि उन्होंने शर्मा की जगह बच्चन बोल दिया।
अभिषेक बच्चन ने भी ली चुटकी
शोएब अख्तर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों ने अख्तर की बात पर चुटकियां भी लीं। हालांकि, मजेदार बात यह रही कि खुद अभिषेक बच्चन ने इस पर रिएक्ट कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक ट्वीट को री-ट्वीट करते हुए लिखा- सर, पूरे सम्मान के साथ कहना चाहता हूं कि मुझे नहीं लगता कि वो (पाकिस्तानी प्लेयर्स) इतना भी कर पाएंगे। जहां तक मेरी बात है तो मैं अच्छा क्रिकेटर नहीं हूं।

पाकिस्तान को अभिषेक शर्मा का खौफ सता रहा
दरअसल, जूनियर बच्चन ने यहां कटाक्ष करते हुए कहा कि पाकिस्तानी बॉलर्स अभिषेक शर्मा को आउट कर लें, यही बड़ी बात होगी। जाहिर है कि इस एशिया कप में अभिषेक ने पाकिस्तान को दोनों मैच में खूब धोया है। पहले मैच में उन्होंने सिर्फ 13 गेंद में 31 रनों की पारी खेली थी। जबकि दूसरे मैच में 39 बॉल में 74 रन मारे थे। 28 सितंबर को दोनों टीमों के बीच एशिया कप फाइनल है। इस मैच में भी सबकी निगाहें अभिषेक पर होंगी।

