मौत का डर नहीं, मुल्क जरूरी लौटूंगी: बांग्लादेश की पूर्व PM शेख हसीना का बयान; उनके समर्थक क्रिकेटर शाकिब अल हसन का ढाका में घर जलाया
Published:
3 min read

शेख हसीना ने 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़ा था। इसके बाद से वो भारत में किसी सीक्रेट लोकेशन पर रह रही हैं। (फाइल)
इंटरनेशनल डेस्क. बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश यानी अपने मुल्क लौटने पर उन्हें जान का खतरा जरूर है, लेकिन वो इरादा नहीं बदलेंगी। हसीना के मुताबिक- मैं शेड्यूल के मुताबिक दिसंबर में ढाका लौटूंगी। हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेट कप्तान शाकिब अल हसन वर्चुअली शामिल हुए। इससे नाराज सत्ताधारी पार्टी BNP के समर्थकों ने बांग्लादेश में उनका घर जला दिया।

2 साल बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस
- हसीना ने कथित छात्र आंदोलन और हिंसा के बाद 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़ा था। इसके बाद से वो भारत में किसी सीक्रेट लोकेशन पर रह रही हैं।
- देश छोड़ने के बाद उन्होंने पहली बार मीडिया से बातचीत की। हसीना ने कहा- मैं जानती हूं कि अगर अपने देश लौटी तो मुझे वहां जान का खतरा है। लेकिन, मैं मौत से नहीं डरती। आखिरी सांस अपने वतन में ही लेना चाहती हूं।
- उन्होंने आगे कहा- बांग्लादेश को लोकतंत्र और न्याय की बहुत जरूरत है। मुझे सत्ता का लालच नहीं है। लेकिन अपने मुल्क को फिर विकास, सेक्युलरिज्म और अमन के रास्ते पर लाना जरूरी है।
- 78 साल की हसीना पर बांग्लादेश की सरकार ने कई केस दर्ज कर रखे हैं। दिसंबर में उनका देश लौटने का प्लान है। इसके बाद एयरपोर्ट पर ही उन्हें गिरफ्तार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
- खास बात ये है कि पिछले साल नवंबर में हसीना की गैर मौजूदगी में ढाका की एक स्पेशल कोर्ट ने इस पूर्व प्रधानमंत्री को एक मामले में सजा-ए-मौत का ऐलान किया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने विरोधियों के खिलाफ सरकारी मशीनरी का बेजा इस्तेमाल किया।
भारत खास दोस्त
हसीना ने कहा- भारत ने हमेशा बांग्लादेश के सच्चे दोस्त का फर्ज निभाया है। हमारे मुल्क में अगस्त 2024 के बाद पॉलिटिकल किलिंग्स एक तरह से लीगल कर दी गई हैं।
शाकिब के घर में आग लगाई

- बांग्लादेश की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कुछ लोग बाइक्स पर शाकिब के मांगुरा स्थित घर पहुंचे।
- इसके बाद उन्होंने घर पर पेट्रोल बम फेंके। इससे घर में आग लग गई। कुछ देर बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
- शाकिब बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान हैं। उन्हें वर्ल्ड क्रिकेट के बेहतरीन ऑलराउंडर्स में से एक माना जाता है। शाकिब भी लंबे वक्त से मुल्क से बाहर हैं।

