सचिन जैसे ही हैं वैभव : थरूर बोले- तेंदुलकर भी 14 की उम्र में ऐसे ही खेलते थे, सूर्यवंशी को टीम इंडिया में जगह मिले
Published: Updated:
2 min read

विजय हजारे ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 84 गेंदों में 190 रन बनाए। उन्होंने साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स का सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। (@domestic)
स्पोर्ट्स डेस्क. बिहार के 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया। देश में उनकी चर्चा हो रही है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी खुलकर वैभव को सराहा और BCCI से कहा कि सूर्यवंशी को अब टीम इंडिया में शामिल करने का वक्त आ चुका है।
वैभव की 190 रन की पारी
भारतीय घरेलू क्रिकेट में 2025 युवा खिलाड़ियों के लिए खास साबित हो रहा है। इसी कड़ी में सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी के एक मैच में सिर्फ 84 गेंदों में 190 रन की पारी खेली। यह लिस्ट-A क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी बन गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम था।
थरूर ने क्या कहा
थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वैभव की तुलना सचिन तेंदुलकर से की।
थरूर ने लिखा- पिछली बार जब 14 साल की उम्र में किसी खिलाड़ी ने ऐसा कमाल दिखाया था तो वह सचिन थे। पूरी दुनिया जानती है कि मास्टर ब्लास्टर एक महान प्लेयर हैं। थरूर ने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर को टैग करते हुए लिखा कि अब और इंतजार की जरूरत नहीं है। वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में मौका मिलना चाहिए।
बिहार ने 574 रन बनाए
यह मैच अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेला गया था। इसमें बिहार ने लिस्ट-A में नया रिकॉर्ड बना दिया। बिहार ने इस मुकाबले में 50 ओवर में 6 विकेट पर 574 रन बनाए। इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के नाम था, जिसने 2022-23 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ही 506 रन बनाए थे।
इस रिकॉर्डतोड़ मैच में सिर्फ सूर्यवंशी ही नहीं, बल्कि बिहार के कप्तान साकिबुल गनी और विकेटकीपर आयुष लोहारुका ने भी अच्छी पारी खेलीं। साकिबुल गनी ने सिर्फ 40 गेंदों में 128 रन बनाए और महज 32 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। ये किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक है। आयुष लोहारुका ने 56 गेंदों में 116 रन बनाए। हालांकि वैभव सूर्यवंशी और साकिबुल गनी की बल्लेबाजी के सामने उनकी पारी थोड़ी फीकी नजर आई।

