बांग्लादेश से हार के बाद कप्तानी छोड़ सकते हैं शान मसूद: बोले- छोटी गलतियां भी बहुत भारी पड़ती हैं; PAK को 16 में सिर्फ 4 मैच जिताए
Published: Updated:
2 min read

शान मसूद ने टेस्ट में 46 मैच में 2653 रन बनाए हैं। ( फोटो सोर्स- सोशल मीडिया )
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 की शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शान मसूद टेस्ट कप्तानी छोड़ सकते हैं। सिलहट टेस्ट में 78 रन की हार के साथ पाकिस्तान पहली बार बांग्लादेश से टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप हुआ।
2023 में कप्तान बने थे
शान मसूद को 2023 में ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले पाकिस्तान की टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था। उनकी कप्तानी में टीम की परफॉर्मेंस लगातार खराब रही। मसूद ने अब तक 16 टेस्ट मैच में पाकिस्तान की कप्तानी की। इसमें उन्हें सिर्फ 4 में जीत मिली, जबकि 12 मैच में हार का सामना करना पड़ा। उनका विन % सिर्फ 25 रहा।
बांग्लादेश दौरे पर पाकिस्तान की बैटिंग और बॉलिंग दोनों प्रेशर में नजर आईं। टीम पहला टेस्ट 104 रन से हारी थी। वहीं दूसरे टेस्ट में 437 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 358 रन पर ऑलआउट हो गई।

आखिरी फैसला बोर्ड का होगा- मसूद
हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शान मसूद ने कहा- मैं टेस्ट क्रिकेट को बेहतर बनाना चाहता था। कुछ फैसलों पर बोर्ड के साथ बातचीत जरूरी है। आखिरी फैसला हमेशा बोर्ड का ही होता है। मैंने हमेशा गर्व के साथ पाकिस्तान की जर्सी पहनी है। चाहे कप्तान के तौर पर हो या एक प्लेयर के तौर पर हमेशा टीम को बेहतर बनाने की कोशिश करता रहूंगा।
मसूद ने कहा - 5 दिन के मैच में छोटी गलतियां भी बहुत भारी पड़ती हैं। टीम को बदलाव से ज्यादा अपनी गलतियों को कम करने पर ध्यान देना होगा।

