वाका-वाका के बाद अब दाई-दाई: शकीरा ने गाया FIFA वर्ल्ड कप 2026 का एंथम सॉन्ग, टीजर रिलीज; देखें वीडियो
Published:
2 min read

शकीरा ने 2010 FIFA वर्ल्ड कप का भी एंथम सॉन्ग 'वाका-वाका' गाया था। यह वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका की मेजबानी में हुआ था। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. कोलंबिया की पॉप सिंगर शकीरा ने अपने नए गाने का टीजर रिलीज किया है। यह FIFA वर्ल्ड कप 2026 का ऑफिशियल गाना है। इससे पहले शकीरा ने 2010 FIFA वर्ल्ड कप का भी एंथम सॉन्ग 'वाका-वाका' गाया था, जो उस समय काफी फेमस हुआ था। आज भी फैन्स उसे सुनना पसंद करते हैं। अब शकीरा ने FIFA वर्ल्ड कप 2026 के लिए जो एंथम बनाया है, उसके बोल 'दाई-दाई' हैं।
शकीरा ने अभी सिर्फ टीजर जारी किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया है कि पूरा गाना 14 मई को रिलीज किया जाएगा। दाई दाई गाने में नाइजीरिया के म्यूजिक स्टार बर्न बॉय भी शामिल हैं।
यह सॉन्ग 14 मई को रिलीज होगा
इंस्टाग्राम पर गाने का टीजर रिलीज करते हुए शकीरा ने पोस्ट में लिखा- पेश है माराकाना स्टेडियम से 'दाई दाई'। यह फीफा वर्ल्ड कप 2026 का ऑफिशियल गाना है। सॉन्ग 14 मई को आएगा। हम सभी तैयार हैं।
इस टीजर में शकीरा माराकाना स्टेडियम में डांसर्स के साथ नजर आई हैं। इस दाई-दाई गाने के बोल हैं- यहां इस जगह पर / तुम ही हो।' एक मेल सिंगर गाता है- जिस चीज ने तुम्हें एक बार तोड़ दिया था, उसी ने तुम्हें मजबूत बनाया।
जून-जुलाई में होगा वर्ल्ड कप
FIFA वर्ल्ड कप 2026 तीन देश अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा की मेजबानी में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई तक होगा। ऐसा पहली बार होगा, जब किसी एक FIFA वर्ल्ड कप में 48 टीमें खेलेंगी। पिछले वर्ल्ड कप में 32 टीमें थीं।
इस बार वर्ल्ड कप के लिए 48 टीमें तय हो गई हैं, जिन्हें 4-4 के हिसाब से 12 ग्रुप में बांटा गया है। साथ ही केप वर्डे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान की टीम पहली बार फीफा वर्ल्ड कप में खेलेंगी।

