ल्यारी गैंग के सरगना के साथ शाहिद अफरीदी: सोशल मीडिया पर फोटो वायरल; यूजर बोले- आदित्य धर अब अफरीदी को बेनकाब करें
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार खेल या किसी कमेंट को लेकर नहीं बल्कि एक तस्वीर को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हो रही है, जिसमें दावा है कि अफरीदी ल्यारी गैंग के सरगना उजैर बलोच के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। ल्यारी गैंगवार पर बॉलीवुड में धुरंधर फिल्म भी बनी है, जो वर्ल्ड वाइड ब्लॉकबस्टर रही।
धुरंधर के 2 पार्ट आ चुके हैं। चर्चा है कि तीसरा पार्ट भी बन सकता है। इस फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर हैं। इसी के साथ यूजर्स ने फोटो टैग करते हुए आदित्य से अपील की है कि वे तीसरे पार्ट में अफरीदी को भी बेनकाब करें। हालांकि अफरीदी का इस वायरल फोटो या उजैर से मुलाकात की खबरों पर कोई रिएक्शन नहीं आया है।
अफरीदी के डबल स्टैंडर्ड को बेनकाब करें
दरअसल, अफरीदी ने क्रिकेट से संन्यास के बाद अपनी छवि समाजसेवी की बना रखी है। उनका एक शाहिद अफरीदी फाउंडेशन (SAF) भी है। अब जब उजैर के साथ उनकी तस्वीर वायरल हुई तो यूजर्स ने अफरीदी पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया। आदित्य से इसी डबल स्टैंडर्ड को उजागर करने की भी अपील की।
अफरीदी की यह तस्वीर 2013 की बताई जा रही है। इस फोटो में अफरीदी और उजैर जमीन पर एक साथ बैठकर कुछ खाते दिख रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- आदित्य धर को आतंकी सोच रखने वाले इस तरह के क्रिकेटर को भी एक्सपोज करना चाहिए।
कुख्यात गैंग का सरगना था उजैर
उजैर बलोच कराची के एक कुख्यात गैंग का सरगना था। साथ ही पीपुल्स अमन कमेटी (PAC) का लीडर भी था। पाकिस्तान में उजैर का नाम लंबे समय तक क्राइम, एक्सटॉर्शन, टारगेट किलिंग और पोलिटिकल कंट्रोवर्सी से जुड़ा रहा है। वह 2000 के दशक और 2010 के शुरुआती कुछ सालों में काफी सुर्खियों में रहा था।
वह अपने कजिन रहमान डकैत की मौत के बाद गैंग का सरगना बना था। इसके बाद वह आपराधिक दुनिया का सबसे खूंखार सरगना बना था। ल्यारी गैंगवार पाकिस्तान का सबसे खूंखार गैंगवार्स में से एक था। 2012 और 2013 के दौरान पुलिस और सेना ने कई ऑपरेशन भी चलाए थे। तब सबसे ज्यादा बलोचों को टारगेट किया गया था।

ल्यारी और गैंगवार को लेकर लगातार सर्चिंग
इसी ल्यारी गैंग और पाकिस्तानी पोलिटिक्स पर फिल्म धुरंधर बनी है। इसमें कैरेक्टर बिल्कुल असलियत वाले ही लिए हैं। कुछ नाम जरूर चेंज हैं, लेकिन कहानी करीब-करीब वैसी ही है जैसी बताई जाती है। फिल्म आने के बाद यूजर्स ने लगातार ल्यारी और गैंगवार को लेकर सर्चिंग की। इसी दौरान अफरीदी की यह तस्वीर मिली।
अफरीदी का क्रिकेट करियर
स्पिन ऑलराउंडर अफरीदी ने पाकिस्तान के लिए 27 टेस्ट में 1716 रन बनाए और 48 विकेट लिए। 398 वनडे में उनके नाम 8064 रन और 395 विकेट दर्ज हैं। पूर्व कप्तान ने 99 टी20 मैच खेले, जिसमें 1416 रन बनाए और 98 विकेट अपने नाम किए थे।

