LPL में शाहीन अफरीदी ने घर लौटने की धमकी दी: एक मैच नहीं खिलाने पर एंटी-करप्शन यूनिट शिकायत की, जानिए पूरा मामला
Published: Updated:
2 min read

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पेसर शाहीन शाह अफरीदी ने लंका प्रीमियर लीग (LPL) में हुई एक एडमिनिस्ट्रेटिव गलती की शिकायत एंटी-करप्शन यूनिट से की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट ने उन्हें बताया था कि वह मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलेंगे, लेकिन टीम शीट में नाम नहीं होने की वजह से वह मैदान पर उतर ही नहीं सके।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना से शाहीन इतने नाराज हो गए थे कि उन्होंने टूर्नामेंट छोड़कर पाकिस्तान लौटने का फैसला कर लिया था। हालांकि, बाद में फ्रेंचाइजी और LPL अधिकारियों ने उनसे माफी मांगी। उन्हें रुकने के लिए मना लिया।

पूरा मामला?
कैंडी रॉयल्स और कोलंबो कैपिटल्स के मैच से पहले टीम मैनेजमेंट ने शाहीन को बताया था कि वह इम्पैक्ट प्लेयर होंगे। लेकिन टीम के पहले बैटिंग करने के दौरान कोच ने उन्हें जानकारी दी कि एनालिस्ट की गलती से उनका नाम ऑफिशियल टीम शीट में शामिल ही नहीं किया गया। इस वजह से शाहीन मैच में नहीं खेल सके। इसके बाद उन्होंने टूर्नामेंट की एंटी-करप्शन यूनिट के एक अधिकारी से इस मामले की शिकायत की।
मैच रेफरी तक मामला पहुंचा
शाहीन की शिकायत के बाद मामला मैच रेफरी तक पहुंचा। इसके बाद फ्रेंचाइजी और लीग अधिकारियों ने इस गलती के लिए माफी मांगी। आखिरकार शाहीन ने टूर्नामेंट में बने रहने का फैसला किया। LPL के प्रवक्ता ने भी पुष्टि की कि मैच रेफरी को गलती से गलत टीम शीट भेजी गई थी। इसी वजह से शाहीन का नाम इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में दर्ज नहीं हो सका।

शाहीन की परफॉर्मेंस
शाहीन अफरीदी ने इस सीजन LPL में अब तक 3 मैच खेले हैं। उन्होंने पहले मैच में 1/41, दूसरे में 1/32 और तीसरे मैच में 2/34 के आंकड़े दर्ज किए। हालांकि, हालिया मुकाबले में वह मैदान पर नहीं उतर सके। LPL 2026 में शाहीन के अलावा पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद वसीम जूनियर और आकिफ जावेद भी खेल रहे हैं। आसिफ याकूब अंपायर की भूमिका निभा रहे हैं।

