शाहीन क्लब लेवल बॉलर: पूर्व पाकिस्तानी पेसर अतीक बोले- उसका बेमतलब हौव्वा बनाया जाता है, न पेस है और न लाइन लैंथ- अभिषेक और तिलक ने क्रिकेट सिखा दी
Published:
4 min read

एशिया कप 2025 के सुपर 4 मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान के स्टार बॉलर शाहीन शाह अफरीदी ने 3.5 ओवर में 40 रन दिए। अब शाहीन को सोशल मीडिया पर तो ट्रोल किया ही जा रहा है, (सोशल मिडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के सुपर 4 मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान के स्टार बॉलर शाहीन शाह अफरीदी ने 3.5 ओवर में 40 रन दिए। अब शाहीन को सोशल मीडिया पर तो ट्रोल किया ही जा रहा है, पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर भी उन पर सवाल उठा रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व पेसर अतीक-उर-रहमान ने तो शाहीन को क्लब लेवल का बॉलर बता दिया। रहमान ने कहा- अब शाहीन की टीम में जगह क्यों बन रही है, ये सब जानते हैं। रहमान का इशारा शाहीन के ससुर और पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी की तरफ था।
पहले बॉलिंग सीख लो
आज टीवी’ को दिए इंटरव्यू में अतीक ने कहा- शाहीन से अच्छी बॉलिंग तो क्लब लेवल का कोई पेसर कर सकता है। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के बाद तिलक वर्मा ने उसकी बॉलिंग स्किल्स की हवा निकाल दी। अभिषेक और तिलक ने शाहीन को इतने प्रेशर में ला दिया कि वो जहां बैटर चाहते थे, वहीं बॉल पिच कराने लगा था।
एक सवाल के जवाब में अतीक ने कहा- अगर आप बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को टीम से बाहर कर सकते हैं तो फिर शाहीन वहां क्यों है? इसका जवाब पूरा पाकिस्तान जानता है। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि अगर हारना ही है तो किसी यंग टीम और यंग पेस अटैक को लेकर हारें।

न पेस बची और न लाइन लैंथ
अतीक ने कहा- शाहीन कितना एवरेज बॉलर हो चुका है, इसकी मिसाल टीम इंडिया के खिलाफ पिछले दो मैच दे देते हैं। उसने बौखलाहट में 140 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से बॉलिंग की तो इंडियन बैटर ने इसका भी फायदा उठा लिया। टीम इंडिया के बैटर्स ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। हारिस रउफ को भी जो 2 विकेट मिले, उसके पीछे किस्मत थी। इसमें स्किल्स का कोई रोल नहीं था।
अतीक ने आखिर में कहा- शाहीन इतना बौखला गया था कि वो शुभमन गिल से उलझ गया, इसका जवाब गिल और अभिषेक ने बल्ले से दिया। रही सही कसर तिलक ने पूरी कर दी।
मैच से पहले अकरम ने वॉर्निंग दी थी
रविवार के मैच से पहले वसीम अकरम ने शाहीन शाह अफरीदी को शुभमन गिल के खिलाफ कुछ सलाह दी थी। अकरम ने कहा था- हम पहला मैच (14 सितंबर) बच्चों की तरह खेले। एक क्लब टीम भी इससे बेहतर खेलती है। पाकिस्तान और खासकर शाहीन शाह अफरीदी को प्लान बी तैयार रखना होगा।
अकरम ने कहा था- दुनिया का हर बैटर समझ चुका है कि शुरुआत के ओवर में शाहीन यॉर्कर करते हैं। बैटर इसके लिए तैयार भी होते हैं। अब उनके पास वो रफ्तार नहीं रही। अगर वो लगातार यॉर्कर करते हैं और एक भी मिस होती है तो मान लीजिए कि बाउंड्री ही लगेगी, क्योंकि सिर्फ दो फील्डर 30 गज के घेरे से बाहर होते हैं। इसलिए प्लान बी तैयार रखिए।
गिल से पार पाना आसान नहीं
अकरम ने आगे कहा था- शुभमन बहुत खतरनाक बैटर है। वो कब गेम बदल दे, कहा नहीं जा सकता। शाहीन अगर कुछ नया नहीं करते तो गिल से पार पाना बहुत मुश्किल हो जाएगा। वो अकेला मैच निकाल लेने वाला प्लेयर है। उसका स्ट्रोकप्ले इतना आसान है कि कई बार बॉलर समझ ही नहीं पाता। वो ताकत पर नहीं, बल्कि सचिन की तरह प्लेसमेंट पर भरोसा करता है।
वसीम ने आगे कहा- मैं ये नहीं कहता कि डर कर खेलो, लेकिन अक्ल लगाकर गेम खेलना पड़ेगा। ये तो टीम इंडिया से सीखना पड़ेगा। उनके पास एक के बाद हिटर हैं। गिल तो टेस्ट प्लेयर है, उसे पता है कि गेम कैसे चलाया जाता है। वो विराट और रोहित के साए में डेवलप हुआ है। इसलिए वो सबसे बड़ा खतरा है।

मैच समरी
एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने लगातार दूसरे मैच में पाकिस्तान को हरा दिया है। सुपर-4 राउंड का यह मैच दुबई में रविवार (21 सितंबर) को हुआ, जिसे टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीत लिया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 172 रन का टारगेट दिया था। जवाब में भारतीय टीम ने 18.5 ओवर में 4 विकेट गंवाकर मैच जीत लिया।

