200 kmph की रफ्तार से बॉल करूंगा: पाकिस्तानी पेसर्स की धीमी पड़ती रफ्तार पर शाहीन बोले- लगातार क्रिकेट खेलने से ऐसा हुआ
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज लगातार अपनी कम होती रफ्तार को लेकर आलोचनाएं झेल रहे हैं। अब इसी मामले पर ODI टीम के कप्तान और पेसर शाहीन शाह अफरीदी ने जवाब दिया और टीम के बॉलर्स का सपोर्ट किया। शाहीन ने कहा कि लगातार क्रिकेट खेलने की वजह से गेंदबाजों पर काफी दबाव रहता है। उन्हें भी थकान होती है, लेकिन सभी खिलाड़ी देश के लिए बेस्ट देने को तैयार रहते हैं।
हाल ही में पाकिस्तान को बांग्लादेश दौरे पर दो टेस्ट की सीरीज में 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी। इस सीरीज में शाहीन भी शामिल थे, जो पहले जैसी तेज रफ्तार से गेंदबाजी नहीं कर पाए थे। उनकी एवरेज स्पीड करीब 130 kmph के आसपास रही थी।
लगातार क्रिकेट खेलने से स्पीड पर असर
शाहीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- लोगों को समझना चाहिए कि जब कोई मशीन लगातार काम करती है तो उसे भी आराम और देखभाल की जरूरत होती है। हमारे कई तेज गेंदबाज लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। जब खिलाड़ी तरोताजा और आराम किया हुआ होता है तो वह ज्यादा ताकत और रफ्तार के साथ बॉलिंग कर सकता है।
उन्होंने आगे कहा- पाकिस्तान के सभी तेज गेंदबाज देश के लिए अपना बेस्ट देने को तैयार रहते हैं। टीम मैनेजमेंट और कोचिंग स्टाफ भी गेंदबाजों की रफ्तार बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। इसी दौरान शाहीन ने मजाकिया अंदाज में रिपोर्टर से कहा- अगर आप मेरे बारे में पूछ रहे हैं तो मैं आपके लिए 200 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करने की कोशिश करूंगा।

ऑस्ट्रेलिया से 3 मैच की ODI सीरीज
पाकिस्तान टीम 30 मई से 4 जून तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज खेलेगी। शाहीन ने बताया कि लाहौर में ट्रेनिंग कैंप काफी अच्छा चल रहा है। इसमें करीब 28-29 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कैंप की निगरानी हेड कोच माइक हेसन और सिलेक्टर ने की। पाकिस्तानी टीम ने हाल के समय में ज्यादा वनडे नहीं खेले हैं, इसलिए यह कैंप खिलाड़ियों के लिए लय हासिल करने और तैयारी मजबूत करने का अच्छा मौका है।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 111 वनडे खेले गए। इनमें ऑस्ट्रेलिया ने 71 और पाकिस्तान ने 36 मैच अपने नाम किए। इसके अलावा 3 मुकाबले बेनतीजा रहे।

सीरीज के लिए पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया के स्क्वॉड
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, माज सदाकत, बाबर आजम, सलमान आगा, अब्दुल समद, गाजी गोरी (विकेटकीपर), शादाब खान, शाहीन अफरीदी (कप्तान), नसीम शाह, हारिस रऊफ, अबरार अहमद, रोहेल नजीर, अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, सुफयान मोकिम, शमील हुसैन।
ऑस्ट्रेलिया: मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंगलिस (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, लियाम स्कॉट, नाथन एलिस, रिले मेरेडिथ, एडम जम्पा, बिली स्टैनलेक, मैथ्यू कुहनमैन, तनवीर सांघा, ओलिवर पीक।

