अमेरिका में KKR का अपना क्रिकेट स्टेडियम: शाहरुख ने किया उद्घाटन,जय शाह और ICC को कहा- शुक्रिया
Published:
3 min read

शाहरुख खान ने लास एंजिलिस में एक नया क्रिकेट स्टेडियम शुरू किया है। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. बॉलीवुड स्टार और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मालिक शाहरुख खान ने अमेरिका के लॉस एंजिलिस में नए नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन किया। इस मौके पर शाहरुख खान ने ICC के चेयरमैन जय शाह और संजोग गुप्ता का इस प्रोजेक्ट में साथ के लिए खास तौर पर शुक्रिया अदा किया। माना जा रहा है कि यह स्टेडियम अमेरिका में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
शाहरुख ने लॉस एंजिलिस में बने नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन किया। इसी मैदान पर पहली बार मेजर लीग क्रिकेट (MLC) का मैच खेला गया। मुकाबला लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स और वॉशिंगटन फ्रीडम के बीच हुआ।यह स्टेडियम कैलिफोर्निया के फेयरप्लेक्स पोमोना में बनाया गया है। खास बात यह है कि नाइट राइडर्स ग्रुप दुनिया की पहली ऐसी फ्रेंचाइजी बन गई है, जिसने अपने देश के बाहर अपना इंटरनेशनल लेवल का क्रिकेट स्टेडियम बनाया है। इससे अमेरिका में क्रिकेट को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सपना था वह सच हो गया
स्टेडियम के उद्घाटन के बाद शाहरुख ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा-जो कभी सिर्फ एक सपना था, वह आज सच हो गया। यह जगह सिर्फ क्रिकेट के लिए नहीं, बल्कि मनोरंजन, परिवार और खूबसूरत यादों के लिए भी बनाई गई है।इस प्रोजेक्ट में साथ देने के लिए ICC चेयरमैन जय शाह, और संजोग गुप्ता का खास तौर पर शुक्रिया अदा किया। कहा- इन सभी के स्पोर्ट के बिना यह सपना पूरा करना आसान नहीं था। यह स्टेडियम लॉस एंजिलिस, दुनिया भर के क्रिकेट फैंस और पूरे नाइट राइडर्स परिवार को समर्पित है।

स्टेडियम में क्या-क्या फैसिलिटी
नया नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड हर तरह की आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यहां 8 टर्फ विकेट बनाए गए हैं, जिन पर इंटरनेशनल मैच खेले जा सकते हैं। रात में मैच कराने के लिए 120 फीट ऊंचे 6 फ्लडलाइट टावर लगाए गए हैं। मैदान तैयार करने के लिए करीब 32 हजार मीट्रिक टन मिट्टी का इस्तेमाल किया गया।नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के CEO वेंकी मैसूर ने कहा कि यह स्टेडियम अमेरिका में क्रिकेट के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। उनका कहना है कि आने वाले समय में दक्षिणी कैलिफोर्निया क्रिकेट का बड़ा हब बन सकता है।

LA28 ओलंपिक से पहले बड़ी तैयारी
साल 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक (LA28) में क्रिकेट की वापसी हो रही है। ऐसे में इस स्टेडियम का तैयार होना काफी अहम माना जा रहा है। यहां 1 जुलाई से 5 जुलाई तक मेजर लीग क्रिकेट के कई मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे अमेरिका में क्रिकेट को और ज्यादा पहचान मिलेगी।हालांकि उद्घाटन मैच में लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स को वॉशिंगटन फ्रीडम के हाथों 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी।

