4 साल बाद सेरेना विलियम्स की टेनिस कोर्ट में वापसी: मैच देखने के लिए उमड़ी भीड़, कमबैक मुकाबले में हार मिली
Published:
3 min read

विंबलडन महिला सिंगल्स के पहले मैच में माया जॉइंट ने सेरेना विलियम्स को हरा दिया।
स्पोर्ट्स डेस्क। 4 साल बाद विंबलडन में वापसी करने वाली दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स का सफर पहले मुकाबले के बाद ही खत्म हो गया। ऑस्ट्रेलिया की 20 साल की माया जॉइंट ने उन्हें तीन सेटों के मुकाबले में हरा दिया।सेरेना ने 2022 में रिटायरमेंट ले लिया था। विम्बलडन 2026 में उन्हें वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली है। वे अपनी बहन वीनस विलियम्स के साथ डबल्स कैटेगरी में भी खेलेंगी। सेरेना ने 7 विम्बलडन खिताब जीते हैं। उनके खाते में कुल 23 सिंगल ग्रैंडस्लैम टाइटल हैं।
44 साल में टेनिस कोर्ट पर वापसी
सेरेना विलियम्स को देखने के लिए विंबलडन के सेंटर कोर्ट पर सैकड़ों दर्शक पहुंचे थे। 44 साल की सेरेना से हर किसी को उम्मीदें थीं। उन्होंने भी अपने पुराने अंदाज में शानदार खेल दिखाया, लेकिन आखिर में ऑस्ट्रेलिया की युवा खिलाड़ी माया जॉइंट ने 6-3, 6-7 (8-6), 6-3 से मुकाबला जीत लिया।
मैच की शुरुआत में माया जॉइंट ने काफी अच्छा खेल दिखाया। पहले सेट में उन्होंने सेरेना को ज्यादा मौके नहीं दिए और 6-3 से सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में लगा कि मुकाबला जल्दी खत्म हो जाएगा, लेकिन सेरेना ने अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल किया।

दूसरे सेट में माया के पास मैच जीतने का मौका था। उनके पास मैच प्वाइंट भी आया, लेकिन सेरेना ने हार नहीं मानी। उन्होंने वापसी करते हुए मैच प्वाइंट बचाया और टाई-ब्रेकर में सेट जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। इस दौरान सेंटर कोर्ट पर बैठे दर्शकों ने खड़े होकर उनका जोरदार स्वागत किया।
तीसरे और आखिरी सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच अच्छी टक्कर देखने को मिली। लेकिन लंबे मुकाबले का असर सेरेना की फिटनेस पर दिखने लगा। दूसरी तरफ 20 साल की माया पूरे जोश के साथ खेलती रहीं और आखिर में 6-3 से सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैं रात 2 बजे तक सो नहीं पाई थी
जीत के बाद माया जॉइंट अपनी खुशी छिपा नहीं सकीं। कहा-मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि क्या हुआ। मैं रात 2 बजे तक सो नहीं पाई थी। पूरे समय इसी मैच के बारे में सोच रही थी। वार्म-अप के दौरान मेरे पैर तक नहीं चल रहे थे। सेरेना जैसी महान खिलाड़ी के सामने खेलना मेरे बचपन का सपना था। मैच की शुरुआत और आखिर तक खुद को संभालना बहुत मुश्किल था।हालांकि सेरेना को हार मिली, लेकिन उन्होंने एक बार फिर दिखा दिया कि बड़े खिलाड़ी आखिरी पल तक हार नहीं मानते। पूरे मैच में उनका जज्बा और लड़ने का अंदाज देखने लायक था।

विम्बलडन 2026 कब से कब तक
यह टूर्नामेंट 29 जून से शुरू होगा और 12 जुलाई तक चलेगा। यह ग्रास-कोर्ट ग्रैंड स्लैम 1877 से खेला जा रहा है। टूर्नामेंट हमेशा ही इंग्लैंड में लंदन के द ऑल इंग्लैंड लॉन टेनिस क्लब में खेला जाता है।

