सहवाग-द्रविड़ के बेटे U-19 टीम में शामिल: वीरू के बेटे का नाम आर्यवीर-द्रविड़ के बेटे का नाम अन्वय; ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 18 सितंबर से ODI सीरीज
Published:
2 min read

अन्वय द्रविड़ (लेफ्ट) के अलावा आर्यवीर सहवाग को भी इंडिया की U-19 टीम में जगह मिली है। (फोटो-X)
स्पोर्ट्स डेस्क. राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे भारत की अंडर 19 टीम में शामिल किए गए हैं। आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली भारत की अंडर-19 वनडे सीरीज के लिए टीम में चुना गया है। सीरीज 18 सितंबर से शुरू होगी। इसमें तीन ODI और दो मल्टी-डे मैच खेले जाएंगे।
आर्यवीर सहवाग को पहली बार मौका
18 साल के आर्यवीर सहवाग को पहली बार इंडिया की अंडर-19 टीम में जगह मिली है। वह फिलहाल दिल्ली प्रीमियर लीग में खेल रहे हैं। दूसरी ओर, राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे 17 साल के अन्वय द्रविड़ को टीम में बरकरार रखा गया है। अन्वय पिछले महीने श्रीलंका दौरे पर गई भारत की अंडर-19 टीम का भी हिस्सा थे।

श्रीलंका दौरे पर अन्वय का अच्छा प्रदर्शन
श्रीलंका दौरे के दौरान अन्वय द्रविड़ ने दो यूथ वनडे मैच खेले थे। इनमें उन्होंने 14 और 87 रन बनाए थे। अन्वय विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे टीम में भी अन्वय विकेटकीपर के तौर पर शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अलग-अलग टीम का ऐलान
BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे और दो मल्टी-डे मैचों के लिए अलग-अलग टीमें चुनी हैं। वनडे टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी करेंगे, जबकि यशवर्धन सिंह चौहान को मल्टी-डे टीम की कमान सौंपी गई है। आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ दोनों को सिर्फ वनडे टीम में जगह मिली है।

राजकोट और अहमदाबाद में होंगे मुकाबले
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों वनडे मैच और पहला मल्टी-डे मुकाबला राजकोट में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मल्टी-डे मैच अहमदाबाद में होगा। वनडे सीरीज की शुरुआत 18 सितंबर से होगी।
U-19 वनडे टीम
रायचंदानी (कप्तान), यशवर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, चिगुरुपति वेंकट और काव्य पटेल।
U-19 मल्टी-डे टीम
यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय बिस्वास (विकेटकीपर), रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा और आर्यन यादव।

