स्कॉटलैंड की 28 साल बाद वर्ल्ड कप में वापसी: फैंस के जश्न से बोस्टन के ज्यादातर पब में बीयर खत्म, 8 हजार बॉटल बिकी
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप में 28 साल बाद अपनी टीम को खेलते देखने पहुंचे स्कॉटलैंड के हजारों फैंस ने अमेरिका के बोस्टन शहर में ऐसा जश्न मनाया कि कई बार और पब में बीयर स्टॉक ही खत्म हो गया। हालत यह हो गई कि बार मालिकों को तुरंत नई सप्लाई के लिए बीयर बनाने वाली कंपनियां से मदद मांगनी पड़ी।
कारोबारियों का कहना है कि स्कॉटिश फैंस ने शहर के सबसे बड़े जश्न सेंट पैट्रिक डे से भी कई गुना ज्यादा बीयर खत्म कर दी और यह एक रिकॉर्ड है।
अमेरिका के बोस्टन शहर में 28 साल बाद स्कॉटलैंड की वर्ल्ड कप में वापसी का जश्न मनाने पहुंचे हजारों फैन्स ने शहर के बार और पब में बीयर की रिकॉर्ड खरीदी की। कई बारों में रोजाना बीयर पम्प और फ्रिज खाली हो रहे हैं। बार मालिकों को लगातार नई सप्लाई मंगानी पड़ रही है, ताकि खरीदने वाले की मांग पूरी की जा सके।

सेंट पैट्रिक डे के मुकाबले तीन गुना बिक्री
बोस्टन के मशहूर हेनसीज बार की चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर नोएल सोमर्स ने बताया- मैं 30 साल से इस बिजनेस में हूं और इसके पहले ऐसा कभी नहीं देखा। स्कॉटलैंड के फैंस की वजह से बार की कमाई सेंट पैट्रिक डे के मुकाबले तीन गुना तक पहुंच गई है। सोमर्स ने कहा- आमतौर पर सेंट पैट्रिक डे बोस्टन का सबसे बड़ा जश्न माना जाता है, लेकिन इस बार स्कॉटिश फैन्स ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। ये फैंस सुबह से देर रात तक जश्न मना रहे हैं और यही वजह है कि यहां बीयर खत्म हो रही है।

8 हजार पॉइंट बीयर खत्म
स्कॉटिश थीम वाले फेमस पब ‘द हेवन’ के मालिक जेसन वाडलटन ने भी माना कि उन्होंने बड़ी भीड़ को देखते हुए पहले से काफी तैयारी की थी, लेकिन फैंस की संख्या और उनके खर्च ने सभी अनुमान पीछे छोड़ दिए।जेसन ने कहा- कई बार बीयर स्टॉक तेजी से खत्म हुआ तो हमें तुरंत नई खेप मंगवानी पड़ी। समर्थक लगातार जश्न मना रहे हैं और पबों में भारी भीड़ उमड़ रही है। एक पब के मुताबिक- वो अब तक एक बड़े ब्रांड के 72 बड़े केग (ड्रम) खाली कर चुके हैं, यानी लगभग 8,000 पॉइंट बीयर बिक चुकी है।
सेंट पैट्रिक डे फेस्टिवल
बोस्टन में हर साल सेंट पैट्रिक डे का फेस्टिवल बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। शहर और उसके आसपास रहने वाले 10 लाख से ज्यादा लोग खुद को आयरिश मानते हैं और मार्च महीने में होने वाले इस आयोजन में शामिल होते हैं। लेकिन इस बार स्कॉटलैंड के फैंस ने शराब की खपत और जश्न के मामले में उस आयोजन को भी पीछे छोड़ दिया है।

