कोलकाता में मेसी के प्रोग्राम में हंगामा: 2 घंटे की जगह सिर्फ 10 मिनट रुके, दर्शकों ने मैदान पर कुर्सियां-बोतलें फेंकीं; आयोजक गिरफ्तार
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में फुटबॉल फैंस ने शनिवार को जबरदस्त हंगामा किया। दरअसल, वर्ल्ड फेमस फुटबॉलर लियोनल मेसी भारत दौरे के तहत यहां पहुंचे थे। उन्हें करीब 2 घंटे रुकना था। वो 10 मिनट भी नहीं रुके। इससे दर्शक नाराज हो गए, क्योंकि वो काफी महंगे टिकट खरीदकर आए थे। उन्हें मेसी की ठीक से झलक भी नहीं मिली। इसी नाराजगी के चलते स्टेडियम में हंगामा हुआ। बोतलें फेंकी गईं और कुछ लोगों ने मैदान में घुसकर तोड़फोड़ भी की।
बाद में पश्चिम बंगाल की चीफ मिनिस्टर ममता बनर्जी ने फैंस से बदइंतजामी के लिए माफी मांगी। ADG लॉ जावेद शमीम ने बताया कि FIR दर्ज होने के बाद कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। इतना ही नहीं आयोजकों को टिकटों के पैसे लौटाने के लिए भी कहा गया है।
10 मिनट से भी कम रुके मेसी
सॉल्ट लेक स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम करीब दो घंटे से ज्यादा चला, लेकिन मेसी इस पूरे इवेंट में केवल आखिरी कुछ मिनट ही नजर आए। बताया जा रहा है कि मेसी स्टेडियम में कुल मिलाकर 10 मिनट से भी कम समय तक रुके।
कार्यक्रम के दौरान मेसी ने स्टेडियम सिर्फ एक छोर का छोटा सा सम्मान चक्कर (लैप ऑफ ऑनर) लगाया। इसके तुरंत बाद वो वहां से चले गए। फैंस को उम्मीद थी कि मेसी उनसे बातचीत करेंगे या कुछ देर रुकेंगे। ऐसा नहीं हुआ। इससे दर्शक काफी निराश और गुस्से में आ गए। इसके बाद ही जबरदस्त हंगामा हुआ।
फैन्स नाराज
खबरों के अनुसार, मेसी ने नेताओं, अधिकारियों और उनके परिवार वालों की भीड़ के कारण पूरा चक्कर लगाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। स्टेज और मैदान के पास बहुत ज्यादा भीड़ हो जाने से सुरक्षा व्यवस्था भी बिगड़ गई थी।
मेसी, मेसी के नारे गूंजे
इस कार्यक्रम के लिए मेसी की एंट्री सुबह 11 बजे तय थी, लेकिन फैंस सुबह 8 बजे से ही स्टेडियम पहुंचने लगे थे। चारों तरफ “मेसी, मेसी” के नारे गूंज रहे थे। कई फैंस अर्जेंटीना फुटबॉल टीम की जर्सी पहनकर आए थे। देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग सिर्फ मेसी को देखने के लिए कोलकाता पहुंचे थे।
कार्यक्रम में गायक अनीक धर ने मेसी के एक सम्मान में गाना गाया। इसके अलावा एक डांस परफॉर्मेंस भी हुई, जिसमें मेसी और अर्जेंटीना टीम को रिस्पेक्ट ऑफ ऑनर दिया गया । हालांकि, इन सबके बावजूद फैंस की उम्मीद सिर्फ मेसी को देखने की थी, जो पूरी नहीं हो पाई।

मैदान में तोड़फोड़
टिकटों की कीमत भी काफी ज्यादा थी, फिर भी लोगों ने टिकट खरीदे। लेकिन जब उन्हें लगा कि उनके साथ धोखा हुआ है, तो गुस्सा भड़क उठा। नाराज फैंस ने आयोजकों पर बोतलें फेंकी, अधिकारियों और नेताओं के खिलाफ नारे लगाए। कुछ लोगों ने स्टेडियम में तोड़फोड़ भी की। कुछ फैंस मैदान में घुस गए, जो आयोजकों की खराब फैसिलिटी को दिखाता हैं।

