सऊदी अरब में पहला स्काई स्टेडियम बनेगा: FIFA वर्ल्ड कप 2034 के लिए 350 मीटर की उंचाई पर स्टेडियम, 46 हजार दर्शक कैपिसिटी रहेगी
Published: Updated:
3 min read

इस स्काई स्टेडियम में पहुंचने के लिए सुपरफास्ट लिफ्ट और ऑटोनोमस पॉड्स (बगैर ड्राइवर के चलने वाली छोटी गाड़ियां) को लगाया जाएगा। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. खेल जगत में अब एक नई पहल शुरू होने वाली है। सऊदी अरब फुटबॉल वर्ल्ड कप 2034 के लिए दुनिया का पहला स्काई स्टेडियम बनाने की तैयारी में जुट गया है। इसको लेकर प्रस्ताव भी रखा गया है। इस प्रोजेक्ट का नाम नियोम मेगासिटी प्रोजेक्ट, द लाइन (Neom megacity project, The Line) रखा गया है।
इसके तहत 350 मीटर की ऊंचाई पर एक स्काई स्टेडियम तैयार किया जाएगा। इसमें 46 हजार से ज्यादा दर्शकों के बैठने की कैपिसिटी रहेगी। इस स्टेडियम के कई AI वीडियो और फोटोज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
स्टेडियम तक कैसे पहुंच सकेंगे?
दरअसल, फुटबॉल की इंटरनेशनल एसोसिएशन यानी FIFA ने पिछले साल ही ऐलान कर दिया था कि फुटबॉल वर्ल्ड कप 2034 की मेजबानी सऊदी अरब करेगा। इसके बाद यह देश टूर्नामेंट की तैयारी में जुट गया है।
इस प्रोजेक्ट के तहत सऊदी अरब स्पोर्ट्स में साइंस को हाई लेवल तक ले जाना चाहता है। इस स्टेडियम में पहुंचने के लिए सुपरफास्ट लिफ्ट और ऑटोनोमस पॉड्स (बगैर ड्राइवर के चलने वाली छोटी गाड़ियां) को लगाया जाएगा।
Neom प्रोजेक्ट 500 अरब डॉलर का है
स्टेडियम का काम काफी हद तक शुरू हो गया है। हालांकि अब भी मजदूरों की सुरक्षा और हजारों दर्शकों की हवा में मेजबानी करने को लेकर कई अटकलें हैं। इस स्टेडियम को लेकर कुछ आलोचनाएं भी की गई हैं। मगर अब भी यह प्रोजेक्ट सऊदी अरब के लिए काफी महत्वपूर्ण है। यदि यह प्रोजेक्ट पूरा होता है तो वर्ल्ड कप 2034 को टीम और पिच के अलावा हाईटेक स्टेडियम के लिए भी जाना जाएगा।
यह Neom प्रोजेक्ट 500 अरब डॉलर का है। यह स्काई स्टेडियम देश के नॉर्थईस्ट में तैयार किया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के ब्लूप्रिंट के हिसाब से है। प्रिंस का सपना है कि सऊदी का विकास ऑइल के साथ बाकी चीजों से भी हो। उनका फोकस स्पोर्ट्स पर भी काफी रहा है।
यह प्रोजेक्ट 2017 में लॉन्च किया था
एक रणनीति के तहत प्रिंस ने अपने देश में फुटबॉल, बॉक्सिंग, फॉर्मूला-1 जैसे कई इंटरनेशनल टूर्नामेंट होस्ट किए हैं। हालांकि इसी बीच कई एक्सपर्ट अब भी सवाल खड़े कर चुके हैं कि फुटबॉल वर्ल्ड कप 2034 तक स्काई स्टेडियम तैयार हो पाएगा या नहीं। इसका कारण है कि Neom प्रोजेक्ट को 2017 में लॉन्च किया गया था, जो अब तक कई कारणों से टलता रहा। हालांकि सऊदी के अधिकारी इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उम्मीदें रखे हुए हैं।

