वर्ल्ड बैडमिंटन में सात्विक-चिराग ने जीता ब्रॉन्ज: सेमीफाइनल में चीनी जोड़ी से हारे, 2022 में जीता था पहला ब्रॉन्ज; चीन-साउथ कोरिया फाइनल आज
Published:
2 min read

भारतीय जोड़ी इंडोनेशिया, सिंगापुर और चाइना ओपन में भी वे क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थी। ( BWF )
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पेरिस वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2025 में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। इस जोड़ी ने 30 अगस्त (शनिवार) को मेन्स डबल्स का सेमीफाइनल खेला, जिसमें चीनी जोड़ी चेन बो यांग और लियू यी से हार मिली। सात्विक-चिराक की जोड़ी ने इस चैम्पियनशिप में दूसरा ब्रॉन्ज जीता है। इससे पहले 2022 में मेडल जीता था।
सात्विक-चिराग और बो यांग-लियू के बीच यह सेमीफाइनल 67 मिनट तक चला। इस मुकाबले में सात्विक-चिराग की जोड़ी को 19-21, 21-18, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।
ऐसा रहा सेमीफाइनल मुकाबला
सात्विक-चिराग ने शुरुआत में अच्छा परफॉर्मेंस दिखाया। चीनी जोड़ी की लगातार दो स्मैश नेट में मारने की गलती का फायदा उठाते हुए सात्विक-चिराग ने 4-0 की बढ़त बना ली। कुछ देर बाद वह 9-3 से आगे निकल गए। मिड हॉफ तब भारतीय जोड़ी 11-5 से आगे थी, लेकिन चीनी जोड़ी ने वापसी की और 12-12 से बराबरी कर ली। फिर यांग-लियू की जोड़ी ने पहला गेम 21-19 से जीत लिया।
दूसरे गेम में सात्विक-चिराग ने शानदार खेल दिखाया और 6-2 के साथ शुरुआत की। लेकिन चीनी जोड़ी ने दोबारा वापसी कर 8-8 से बराबर कर लिया। सात्विक-चिराग ने डिफेंड करते हुए 15-11 से आगे निकल गए। मिड-हाफ तक चीनी जोड़ी ने एक बार फिर 17-17 से बराबरी कर ली। लेकिन भारतीय जोड़ी ने खेल के आखिर में 21-18 से दूसरा गेम अपने नाम किया।
तीसरे गेम में सात्विक-चिराग की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वे 0-6 से पीछे हो गए। फिर 9 अंक गवा दिए। बाद में दोनों ने कुछ अंक हासिल किए, लेकिन चीनी जोड़ी काफी आगे निकल चुकी थी। आखिरकार बो यांग-लियू यी की जोड़ी ने 21-12 से तीसरा गेम जीतकर फाइनल में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा।
दूसरा ब्रॉन्ज मेडल जीत
यह सात्विक-चिराग का वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में दूसरा मेडल है। इससे पहले, साल 2022 में सात्विक-चिराग ने वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
फाइनल मुकाबला 31 अगस्त को
चेन-लियू की चीनी जोड़ी का मुकाबला 31अगस्त (रविवार) को साउथ कोरिया के सेओ सेउंग-जे और किम वोन-हो से होगा।

