सरफराज ने दी टीम इंडिया में वापसी की दस्तक: बुच्ची बाबू टूर्नामेंट में शतक लगाकर सेलेक्टर्स का ध्यान खींचा; अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिल सकता है मौका
Published:
3 min read

सरफराज खान ने आखिरी टेस्ट मैच नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। (फोटो क्रेडिट:सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. सरफराज खान घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को बुच्ची बाबू टूर्नामेंट में दूसरा शतक लगाया। भले ही सरफराज टेस्ट क्रिकेट से पिछले एक साल से दूर हैं, लेकिन उन्होंने शानदार फॉर्म के जरिए सेलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर जरूर खींचा है। माना जा रहा है कि उन्हें अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका मिल सकता है।
टीम इंडिया में नंबर तीन का स्लॉट खाली है, करुण नायर और साई सुदर्शन को इंग्लैंड के खिलाफ मौका तो मिला लेकिन वे अपने आप को साबित नहीं कर सके। ऐसे में सेलेक्टर्स वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में सरफराज को टीम में चुन सकते हैं।
मुंबई के 15 रन पर थे 4 विकेट, सरफराज ने ठोका शतक
हरियाणा के खिलाफ खेले जा रहे मैच में मुंबई ने 15 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद क्रीज पर सरफराज खान आए और पारी को संभाला। उन्होंने सिर्फ 99 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की और 111 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 5 लंबे छक्के लगाए।
सरफराज की टूर्नामेंट में दूसरी सेंचुरी
सरफराज की इस टूर्नामेंट में दूसरी सेंचुरी थी। पहले मैच में भी उन्होंने 138 रन बनाए थे, वो भी सिर्फ 114 गेंदों में। उस पारी में उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के लगाए थे और फिर रिटायर्ड आउट हो गए थे। दूसरे मैच में उन्होंने 36 रन बनाए थे।
वेस्टइंडीज के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज
अक्टूबर में भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट मैच खेलने हैं और फिर साउथ अफ्रीका से भी सीरीज है। उससे पहले सरफराज को दिलीप ट्रॉफी में भी मौका मिलेगा, जहां वो वेस्ट जोन की तरफ से खेलेंगे।

सरफराज ने 17 किलो वजन कम किया
सरफराज खान घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं। टेस्ट टीम में वापसी के लिए उन्होंने न सिर्फ बल्लेबाज पर काम किया, बल्कि अपनी फिटनेस में भी चेंज लाया। करीब 17 किलो वजन कम किया है। इससे फील्डिंग और रनिंग में भी सुधार आया है। सरफराज ने 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट में 150 रन बनाए थे।
हालांकि इसके बाद के दो टेस्ट मैचों में खराब खेलने के चलते उन्हें बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए टीम से बाहर कर दिया गया।
सरफराज खान का फर्स्ट क्लास कॅरियर
| मैच | 55 |
| रन | 4685 |
| एवरेज | 65.98 |
| सेंचुरी | 16 |
| फिफ्टी | 15 |

