फॉर्म को लेकर परेशान नहीं हैं : सरफराज ने कहा- हर प्लेयर का डाउनफॉल आता है, जल्द वापसी करूंगा
Published:
3 min read

सरफराज खान ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में प्रैक्टिस के दौरान मीडिया से कहा- मैं बिल्कुल फ्रस्टेट नहीं हूं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के बैटर सरफराज खान इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। रणजी ट्रॉफी में इस बार उनके बल्ले से ज्यादा रन नहीं निकले, ऊपर से भारतीय टेस्ट टीम से बाहर होना भी बड़ी चर्चा का मुद्दा बना रहा। लेकिन सरफराज का कहना है कि उन्हें निराशा नहीं है और वे अपने खेल में किसी तरह का बदलाव करने की जरूरत भी नहीं समझते। इसके अलावा सरफराज ने शार्दुल ठाकुर को लेकर कहा- वह बेहतरीन कप्तान हैं। वह टीम को पहले रखते हैं।
5 साल खूब रन किए
सरफराज ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में प्रैक्टिस के दौरान मीडिया से कहा- मैं बिल्कुल फ्रस्टेट नहीं हूं। मेरे रिकॉर्ड को देख लीजिए। पिछले 4-5 साल में मैंने काफी रन बनाए हैं। लोग चार साल में एक बार हजार रन बनाते हैं, मैंने तो लगातार सीजन में यह कर दिखाया है।
हर प्लेयर का डाउनफॉल आता
सरफराज ने कहा- मैं अपनी फॉर्म को लेकर बिल्कुल भी परेशान नहीं हूं। इस बार रणजी ट्रॉफी के चार मैचों में सिर्फ 111 रन बनाने वाले सरफराज ने अब तक इस सीजन में एक भी हाफ सेंचुरी नहीं लगाई है। फिर भी सरफराज का कहना है कि हर मैच में रन बनाना जरूरी नहीं होता। बुरा समय हर प्लेयर के करियर में आता है।उन्हे टीम में जगह न मिलना या इस वक्त रन न बन पाना, इन दोनों चीजों को लेकर मुझे कोई परेशानी नहीं है। यह खेल का हिस्सा है। अच्छी फॉर्म फिर आ जाएगी।
सरफराज ने शार्दुल की तारीफ की
सरफराज ने अपने कप्तान शार्दुल की भी तारीफ की और कहा- वह टीम को खुद से ऊपर रखते हैं। जो कि एक कप्तान की असली पहचान है। शार्दुल भाई बहुत अच्छा लीड कर रहे हैं। वो हमेशा टीम को आगे रखते हैं। अगर विकेट फास्ट बॉलिंग के लिए सही नहीं है तो वो खुद गेंदबाजी करने नहीं जाएंगे, ताकि सिर्फ नाम के लिए विकेट न लें। ऐसा काफी कम देखने को मिलता है। मुंबई टीम में इस वक्त माहौल काफी अच्छा है। हम सब साथ रहते हैं, टीम होटल में ही ठहरते हैं, ताकि टीम बॉन्डिंग बनी रहे, भले ही हम मुंबई में ही क्यों न हों।
आखिरी में सरफराज ने कहा- अपने कॅरियर में कई कप्तानों के साथ खेला है। लेकिन शार्दुल की सबसे बड़ी खासियत है कि वो खुद के बजाय टीम को आगे ले जाने के बारे में पहले सोचते हैं। इंडिया खेलने के बाद हर किसी के मन में होता है कि अब और मौके मिलें, लेकिन शार्दुल भाई ऐसे नहीं हैं। वो सिर्फ मुंबई क्रिकेट को आगे रखना चाहते हैं।
सरफराज का रणजी रिकॉर्ड
2022-23: 556 रन, औसत 92.66
2021-22: 982 रन, औसत 122.75
2019-20: 928 रन, औसत 154.66

