मैं रेस का हिस्सा नहीं बनूंगा: T20 World Cup 2028 खेलने को लेकर संजू सैमसन बोले- अपने तरीके से क्रिकेट खेलूंगा
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. संजू सैमसन (Sanju Samson) ने कहा कि वह अभी से T20 वर्ल्ड कप 2028 के बारे में नहीं सोच रहे हैं। अगर टीम को उनकी जरूरत होगी, उनका परफॉर्मेंस अच्छा रहेगा और उन्हें मौका मिलेगा, तभी वह उस टीम का हिस्सा बनेंगे। संजू T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताबी जीत के हीरो रहे थे। फिलहाल उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए आराम दिया गया है।
जियोस्टार (JioStar) से बातचीत में संजू ने कहा- हमारे देश में हमेशा एक रेस चलती रहती है। मैंने T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ही तय कर लिया था कि मैं उस रेस का हिस्सा नहीं बनूंगा। मैं सिर्फ क्रिकेट का आनंद लेना चाहता हूं। भगवान की कृपा से मुझे बहुत कुछ मिला है। अब मैं अपने तरीके से खेलूंगा। मुझे कोई यह नहीं बताएगा कि कैसे बैटिंग करनी है। संजू के लिए फैसला संजू ही करेगा।
यह भी पढ़े: झंडू कुमार ने भारत को पहला मेडल दिलाया: पैरा पावरलिफ्टिंग में 190 Kg उठाकर ब्रॉन्ज जीता, PM मोदी ने की तारीफ

वर्ल्ड कप 2028 को लेकर क्या बोले?
संजू ने कहा कि 2024 T20 वर्ल्ड कप के बाद उन्हें 2026 वर्ल्ड कप टीम में जगह मिलने की भी उम्मीद नहीं थी। ऐसे में वह 2028 के बारे में अभी से कोई प्लान नहीं बना रहे।
उन्होंने कहा- वर्ल्ड कप 2024 के बाद मुझे यह भी उम्मीद नहीं थी कि मैं 2026 वर्ल्ड कप खेलूंगा। एक समय मैं 14-15 प्लेयर्स में भी नहीं था। फिर मैं 2028 की प्लानिंग कैसे कर सकता हूं? अगर मैं वहां हूं, टीम को मेरी जरूरत होगी और मैं अच्छा खेल रहा होऊंगा, तो सब अपने आप हो जाएगा। अगर ऐसा नहीं हुआ, तब भी मैं जो हासिल कर चुका हूं, उसके लिए शुक्रगुजार हूं। T20 वर्ल्ड कप में मिला प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड कोई मुझसे नहीं छीन सकता।

इंग्लैंड दौरे के बाद आराम
T20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद संजू का बल्ला ज्यादा नहीं चला। आयरलैंड सीरीज में उन्होंने 5 और 0 रन बनाए। इंग्लैंड के खिलाफ पहले T20I में भी वह सिर्फ 1 रन बना सके। इसके बाद उन्हें प्लेइंग-11 से बाहर कर दिया गया। वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को डेब्यू का मौका मिला।
संजू को 5वें T20I में फिर मौका मिला, जहां उन्होंने 14 गेंदों में 27 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद उन्हें जिम्बाब्वे सीरीज के लिए आराम दिया गया।

अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म
संजू की गैरमौजूदगी में अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) भी लगातार रन बनाने में नाकाम रहे। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीनों T20I में वह सिर्फ 11 रन बना सके। हर बार ब्लेसिंग मुजरबानी का शिकार बने।
ऐसे में भारतीय टीम को टॉप ऑर्डर में एक दाएं हाथ के बैटर की जरूरत महसूस हो सकती है। अगर अभिषेक की खराब फॉर्म जारी रहती है, तो संजू सैमसन एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं।

2026 में संजू
हाल के कुछ मैच में रन नहीं बनने के बावजूद 2026 में संजू का T20I रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने इस साल 14 T20I मैच में 400 रन बनाए हैं। उनका एवरेज 30 से ज्यादा और स्ट्राइक रेट 180.99 रहा। T20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने लगातार 3 अर्धशतक लगाए थे।

