संजू सैमसन को टीम इंडिया से बाहर नहीं किया: जिम्बाब्वे सीरीज से आराम दिया; जानिए सिलेक्शन कमेटी का प्लान
Published:
3 min read

संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पांच मैच खेले थे, जिसमें तीसरे सबसे ज्यादा 321 रन बनाए थे। वे प्लेयर ऑफ द सीरीज भी रहे थे। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। कप्तान श्रेयस अय्यर ही रहेंगे। बड़ी बात ये है कि विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन को स्क्वॉड से बाहर किया गया है। प्रभसिमरन सिंह को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है। ऐसे में कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि संजू का कॅरियर यहीं से खत्म हो सकता है।
संजू की एशियन गेम्स में वापसी होगी
हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में इस दावे को गलत बताया जा रहा है। ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक, संजू का कॅरियर यहां खत्म नहीं होगा। संजू को जिम्बाब्वे सीरीज से सिर्फ आराम दिया है ना कि परमानेंट टीम से बाहर किया। हालांकि BCCI ने अपने बयान में ऐसा कुछ क्लियर नहीं किया है।
संजू को एशियन गेम्स 2026 के लिए भी भारतीय टी20 टीम में सिलेक्ट किया गया है। इस रिपोर्ट में सिलेक्शन कमेटी के प्लान को समझाया गया है। संजू एशियन गेम्स में एक बार फिर वापसी करते दिखाई देंगे।
जिम्बाब्वे सीरीज से संजू को आराम दिया
दरअसल, संजू ने मार्च में टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेला था। इसमें वे प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। इसके बाद दो महीने तक IPL में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले। फिर आयरलैंड के खिलाफ 2 टी20 और अब इंग्लैंड के खिलाफ 5 टी20 की सीरीज भी खेल रहे हैं। ऐसे में संजू को आराम दिया गया है।
BCCI का मानना है कि जिम्बाब्वे दौरे पर कोई बड़ी सीरीज नहीं है। सिर्फ 3 टी20 ही खेलने हैं। यहां दूसरे विकेटकीपर के तौर पर प्रभसिमरन को मौका दिया गया है। पहले विकेटकीपर ईशान किशन ही होंगे। यदि संजू के प्रदर्शन को भी देखा जाए तो ऐसा नहीं लगता है कि सिलेक्शन कमेटी ने उन्हें बाहर किया है। हां इतना जरूर है कि संजू के अच्छे प्रदर्शन में निरंतरता की कमी दिखी है। मगर यह उन्हें बाहर करने की वजह नहीं होगी।
टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द सीरीज
संजू ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पांच मैच खेले थे, जिसमें तीसरे सबसे ज्यादा 321 रन बनाए थे। वे प्लेयर ऑफ द सीरीज भी रहे थे। संजू ने वर्ल्ड कप के आखिरी तीन मैच (फाइनल समेत) में फिफ्टी लगाई थी। उन्होंने 97*, 89 और 89 रन की पारी खेली थी।
इसके बाद वे सीधे आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में उतरे, जहां पहले मैच में 5 रन बनाए। दूसरे में खाता भी नहीं खोल सके। इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में 1 रन ही बना सके थे। इस तरह संजू अपना अच्छा प्रदर्शन बरकरार नहीं रख सके।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले संजू की आखिरी फिफ्टी सितंबर 2025 में ओमान के खिलाफ आई थी। इसके बाद लगातार 12 पारियों में फिफ्टी नहीं लगा सके थे।
एशियन गेम्स के लिए भारतीय स्क्वॉड में शामिल
टीम इंडिया को जुलाई के आखिर में जिम्बाब्वे दौरे पर जाना है। दोनों टीमों के बीच 3 मैच की T20 सीरीज खेली जाएगी। सभी मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। जबकि एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। यह टूर्नामेंट 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा। टूर्नामेंट में क्रिकेट इवेंट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होगा।
Asian Games के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी।

