एशिया कप से पहले संजू ने 42 बॉल पर लगाई सेंचुरी: ओपनिंग में आ सकते हैं; आशिक ने आखिरी बॉल पर छक्का लगाकर टीम को जिताया
Published:
3 min read

संजू सैमसन ने सबसे पहले 16 बॉल पर फिफ्टी लगाई। फिर 42 बॉल पर सेंचुरी भी पूरी की। उन्होंने 51 बॉल पर कुल 121 रन बनाए। (सोशल मीडिया)
एशिया कप 2025 इसी साल सितंबर में होना है। इसके लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है, जिसमें विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन को भी जगह मिली है। टूर्नामेंट से पहले संजू ने घरेलू क्रिकेट में शानदार खेल दिखाया और 42 बॉल पर सेंचुरी लगाई। इसी मैच में आखिरी बॉल 6 रन चाहिए थे तो मोहम्मद आशिक ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
दरअसल, केरल क्रिकेट लीग (KCL 2025) में कोच्चि ब्ल्यू टाइगर्स और एरीज कोल्लम सेलर्स के बीच मुकाबला खेला गया। रविवार (24 अगस्त) को हुए इस मैच में कोच्चि ने एरीज को 4 विकेट से हराया।
संजू ने 42 बॉल पर सेंचुरी लगा दी
पहले बैटिंग करते हुए एरीज टीम ने 237 रन का टारगेट दिया। इसके जवाब में संजू सैमसन ने सबसे पहले 16 बॉल पर फिफ्टी लगाई। ओपनिंग में विनूप मनोहरन के साथ मिलकर 4.1 ओवर में 64 रन बनाए। इसी बीच संजू ने 42 बॉल पर सेंचुरी लगा दी। उन्होंने 51 बॉल पर कुल 121 रन बनाए।
आखिरी बॉल पर आशिक ने लगाया छक्का
कोच्चि टीम को जीत के लिए आखिरी ओवर में 17 रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर मौजूद आशिक ने चौका और फिर छक्का लगाया। तीसरी बॉल पर सिंगल लिया। चौथी बॉल पर अल्फी फ्रांसिस जॉन ने सिंगल लेना चाहा, लेकिन वो रनआउट हो गए। स्ट्राइक पर आए आशिक 5वीं बॉल पर कोई रन नहीं ले सके।
अब आखिरी बॉल पर 6 रन चाहिए थे और गेंदबाजी कर रहे शरीफुद्दीन के सामने स्ट्राइक पर आशिक मौजूद थे। इस राइट हैंड बैटर ने करारे अंदाज में आखिरी बॉल पर लॉन्ग ऑन की ओर छक्का लगाया और टीम को 4 विकेट से जीत दिलाई।
एशिया कप में गिल या संजू कौन करेगा ओपनिंग?
एशिया कप के लिए भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव को मिली है। शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है। माना जा रहा है कि गिल के आने से बैटिंग कॉम्बिनेशन गड़बड़ा सकता है। गिल की एंट्री से संजू की जगह खतरे में नजर आ रही है। अब तक ओपनिंग में अभिषेक शर्मा के साथ संजू ही करते आ रहे हैं। टी20 फॉर्मेट में गिल भी ओपनिंग करते हैं।
ऐसे में गिल के आने से संजू बाहर बैठ सकते हैं। हालांकि इस पारी के बाद संजू को बाहर बैठाना टीम मैनेजमेंट के लिए सही नहीं होगा। यदि संजू भी खेलते हैं और उन्हें ओपनिंग में भेजा जाता है, तो गिल को नंबर-4 पर उतारा जा सकता है, क्योंकि नंबर-3 पर तिलक वर्मा आते हैं।
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

