टीम इंडिया की जर्सी पहनी है तो किसी टास्क को ‘न’ नहीं कर सकता: संजू सैमसन बोले- 9वें नंबर पर भी बल्लेबाजी कर सकता हूं, बॉलिंग भी कर लूंगा
Published:
3 min read

संजू सैमसन को CEAT क्रिकेट रेटिंग अवॉर्ड्स 2025 में साल का बेस्ट टी20 बल्लेबाज चुना गया।
स्पोर्ट्स डेस्क। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने कहा है कि वह टीम इंडिया के लिए कुछ भी कर सकते हैं। वह जरूरत के हिसाब से 9वें क्रम पर बैटिंग भी कर सकते हैं और गेंदबाजी भी कर सकते हैं।
संजू ने यह बातें CEAT क्रिकेट रेटिंग अवॉर्ड्स 2025 के मौके पर कही। दिल्ली में हुई इस सेरेमनी में कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल हुए। इसमें भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को साल का बेस्ट टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाज चुना गया।
बैटिंग ऑर्डर एडजस्टमेंट पर क्या-क्या बोले संजू?
अवार्ड्स सेरेमनी के दौरान संजू से कई सवाल-जवाब हुए। इसी क्रम में जब इवेंट होस्ट मयंती लैंगर ने उनसे अपने बैटिंग ऑर्डर में बार-बार हो रहे बदलाव से जुड़ा सवाल किया तो संजू ने कहा- अगर आप चाहें तो मैं किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर सकता हूं। मैं 9वें क्रम पर भी उतर सकता हूं। लेफ्ट आर्म स्पिन भी डाल सकता हूं। देश के लिए कोई भी काम हो, कुछ भी करने के लिए तैयार हूं। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है। जब भारतीय टीम की जर्सी पहनी है तो किसी भी काम के लिए ‘न’ नहीं कहा जा सकता।
संजू के इंटरनेशनल क्रिकेट के 10 साल पूरे
इसी अवॉर्ड सेरेमनी ने संजू ने कहा- मैंने हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 साल पूरे कर लिए हैं, लेकिन अब तक सिर्फ 40 (हकीकत में अब तक 65) मैच खेले हैं। सच कहूं तो मैंने एक पोस्ट भी डाली थी कि नंबर पूरी कहानी नहीं बताते। लेकिन आज मैं जिस इंसान के रूप में खड़ा हूं उस पर मुझे बहुत गर्व है, जिन चुनौतियों का मैंने सामना किया उन पर भी। मैंने बाहरी शोर को न सुनकर अंदर की आवाज पर ध्यान दिया है।
20 साल की उम्र में डेब्यू
संजू की पावर हिटिंग को देखते हुए 2013 IPL सीजन में राजस्थान रॉयल्स ने संजू को अपनी टीम में शामिल किया। दो सीजन खेले, अच्छा परफॉर्मेंस किया। इसके चलते 2015 में भारतीय टीम की ओर से टी20 डेब्यू करने का मौका मिला। जिम्बाब्वे के खिलाफ डेब्यू करते हुए संजू ने 24 गेंद पर 19 रन की पारी खेली। संजू ने अब तक 49 T20Is में 993 रन बना चुके हैं। इसमें तीन सेंचुरी और तीन हाफ सेंचुरी शामिल हैं।
एशिया कप में बदली पोजीशन
एशिया कप 2025 में बैटिंग पोजिशन में बदलाव के कारण तीन मैच में संजू को बैटिंग करने का मौका ही नहीं मिला। 4 मैच में बल्लेबाजी करने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 56, 13, 39 और 24 रन की पारी खेली। फाइनल मैच में पाकिस्तान के खिलाफ तिलक वर्मा के साथ फिफ्टी रन की पार्टनरशिप कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI टीम का हिस्सा नहीं संजू
19 अक्टूबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 ODI और 5 टी20 मैच की सीरीज खेली जानी है। टीम का ऐलान हो चुका है, लेकिन संजू को ODI टीम में शामिल नहीं किया गया है। संजू को केवल टी20 की टीम में ही शामिल किया गया है। ODI में ध्रुव जुरेल को बैकअप विकेटकीपर के रूप में चुना गया। मेन विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल को टीम में शामिल किया गया। सैमसन ने 16 ODI में 510 रन बनाए हैं, जिनमें 3 हाफ सेंचुरी और 1 सेंचुरी शामिल है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज का पूरा शेड्यूल


