भारत Vs पाकिस्तान-3295: पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे संजू सैमसन! बल्लेबाजी कोच ने दे दिए संकेत; जानें प्लेइंग-11 पर क्या बोले
Published:
3 min read

संजू सैमसन ने 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेेशनल डेब्यू किया था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 में रविवार को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होगा। इससे पहले संजू सैमसन को लेकर बहुत चर्चा हो रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि वह किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। इस पर बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रिएक्शन दिया है। उन्होंने संकेत दिए कि सैमसन को पांचवें या छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जा सकता है।
टीम इंडिया की नेट प्रैक्टिस के इतर सितांशु ने मीडिया से बातचीत में कहा- संजू ने पांचवे या छठे नंबर पर ज्यादा बल्लेबाजी नहीं की लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे यह कर नहीं सकते। मुझे ऐसा लगता है, वे किसी भी नंबर पर बैटिंग कर सकते है। इसलिए टीम की जरुरत के हिसाब से कप्तान और कोच इस पर आखिरी फैसला लेंगे।
प्लेइंग इलेवन सिलेक्शन के सवाल पर सितांशु ने कहा- पिच को देखने के बाद ही इस पर फैसला होगा। इसमें पर्सनल चॉइस नहीं होती। सभी 15 खिलाड़ी परफेक्ट हैं। पिच का मिजाज ही प्लेइंग-11 तय करेगा।
कई फिनिशर टीम में मौजूद
सितांशु ने कहा- अगर बैटिंग लाइन-अप की बात करें, तो कोई भी खिलाड़ी किसी भी नंबर पर बैटिंग कर सकता है और मैच को खत्म कर सकता है। हमारे पास शिवम दुबे हैं, जो 4 ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं। हमारे पास एक से ज्यादा फिनिशर हैं। शिवम, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल किसी भी गेंदबाज का सामना कर फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। संजू पिछले मैच में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते, लेकिन अगले मैच में वह किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
वर्कलोड मैनेजमेंट सिर्फ गेंदबाजों के लिए
भारत-पाकिस्तान के मैच और वर्कलोड मैनेजमेंट पर सितांशु ने कहा- हम यहां केवल खेलने के लिए आए हैं। बाहर का दबाव या शोर का असर टीम पर नहीं है। बात रही वर्कलोड मैनेजमेंट की, तो वह केवल गेंदबाज पर लागू होता है, बल्लेबाज पर नहीं। बल्लेबाज तभी आराम करता है, जब उन्हें खुद इसकी जरूरत महसूस होती है।
14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान मैच
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मुकाबला रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को लेकर काफी लोग विरोध भी कर रहे हैं। मैच रद्द की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी, लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया। 21 सितंबर को सुपर-4 राउंड में भी भारत-पाकिस्तान मैच होने की संभावना है।

