संजू सैमसन EPL के भारतीय ब्रांड एम्बेसडर बने: इंग्लिश फुटबॉलर ओवेन ने कहा- भारत में फुटबॉल का भविष्य उज्ज्वल, इस खेल को अपना दोस्त बनाएं
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट संजू सैमसन को इंडिया में इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। ऐसे में यह साफ हो गया है कि EPL भारतीय खेल बाजार को लेकर बेहद गंभीर है। भारत में फुटबॉल की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए बड़े कदम उठा रही है।
मुंबई के नेस्को सेंटर में एक स्पेशल प्रोग्राम हुआ, जिसमें संजू को यह जिम्मेदारी दी गई। यहीं संजू की मुलाकात इंग्लैंड और लिवरपूल के दिग्गज स्ट्राइकर माइकल ओवेन से हुई। ओवेन ने कहा कि भारत में फुटबॉल का भविष्य उज्ज्वल है। इस खेल को अपना दोस्त बनाएं।
IPL टीम के ब्रांड एम्बेसडर हैं संजू
संजू ने कहा कि वे बचपन से ही लिवरपूल क्लब के फैन रहे हैं। फुटबॉल के प्रति उनका लगाव उनकी केरल की जड़ों और फैमिली बैकग्राउंड से जुड़ा है। ओवेन ने भी भारत में फुटबॉल के तेजी से फैलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इंडिया में फुटबॉल का भविष्य उज्ज्वल है। यह खेल अब भारतीय युवाओं की नई पसंद बनता जा रहा है।
संजू का फुटबॉल से रिश्ता नया नहीं है। वे पहले से ही इंडियन सुपर लीग (ISL) की टीम केरल ब्लास्टर्स फुटबॉल क्लब के ब्रांड एम्बेसडर हैं। हैदराबाद फुटबॉल क्लब के खिलाफ मुकाबले के दौरान उनकी उपस्थिति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया था और यह साबित किया कि सैमसन केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं हैं, बल्कि फुटबॉल को भी नई पहचान देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
क्रिकेट-फुटबॉल का जुनून साथ में बढ़ना चाहिए
केरल को लंबे समय से भारतीय फुटबॉल का गढ़ माना जाता है। यहां के जुनूनी प्रशंसक, खचाखच भरे स्टेडियम और प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस राज्य की ताकत को दर्शाते हैं। कोच्चि का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम कई इंटरनेशनल और घरेलू मैचों का गवाह रहा है। सैमसन की यह नई जिम्मेदारी न सिर्फ केरल बल्कि पूरे भारत में युवाओं को प्रेरणा देगी और फुटबॉल के भविष्य को मजबूत बनाएगी।
संजू सैमसन ने कहा कि भारत में क्रिकेट और फुटबॉल दोनों खेलों का जुनून साथ-साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि फुटबॉल का भविष्य उज्ज्वल है और वे इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हर संभव योगदान देंगे। उनकी नियुक्ति यह संकेत देती है कि भारत अब क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि फुटबॉल भी पूरे जोश और ऊर्जा के साथ अपनी जगह बना रहा है और सैमसन इस परिवर्तन का नया चेहरा बनकर सामने आए हैं।

