क्या ट्रम्प ने कहा है कि PAK से क्रिकेट खेलो: संजय राउत का मोदी को लेटर; पूछा- आपने कहा था खून-पानी साथ नहीं बहेंगे, क्या अब क्रिकेट-खून साथ बहेंगे
Published:
4 min read

2024 टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच हुआ था। इसमे टीम इंडिया 6 रन से जीती थी। (सोशल मीडिया)
सिंतबर में होने वाले एशिया कप 2025 में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। इसको लेकर केंद्र सरकार ने मंजूरी दी और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी टीम का ऐलान कर दिया है। इसी बीच भारत-पाकिस्तान मैच का जमकर विरोध भी हो रहा है। शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक लेटर लिखा है।
सोशल मीडिया पर यह लेटर शेयर करते हुए संजय राउत ने PM मोदी से पूछा- आपने कहा था खून-पानी साथ नहीं बहेंगे, क्या अब क्रिकेट-खून साथ बहेंगे? क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि पाकिस्तान से क्रिकेट खेलो?
संजय राउत ने पोस्ट में लिखा- माननीय प्रधानमंत्री, पहलगाम हमले में मारे गए भारतीयों का खून अब तक सूखा नहीं है। पीड़ित परिवार वालों के आंसू भी सूखे नहीं हैं। ऐसे में पाकिस्तान के साथ मैच खेलना अमानवीय है।
लेटर में संजय ने भारतीयों की ओर से PM मोदी से कुछ सवाल भी पूछे...
-
आपने कहा था कि पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। यदि विवाद अब भी जारी है तो फिर हम पाकिस्तान के साथ मैच कैसे खेल सकते हैं?
-
पाकिस्तान के एक आतंकी संगठन द्वारा किए गए पहलगाम हमले में 26 महिलाओं का सिंदूर उजड़ गया था। क्या आपने उन माता-बहनों की भावनाओं पर कुछ विचार किया।
-
क्या प्रेसिडेंट ट्रम्प ने आपको धमकी दी है कि पाकिस्तान से मैच नहीं खेलेंगे तो वे ट्रेड बंद कर देंगे।
-
आप ही ने कहा था कि “खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता।” क्या अब क्रिकेट और खून एक साथ बह सकता है?
-
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी और ऑनलाइन गैम्बलिंग होती है। इसमें कई BJP नेताओंं के भी शामिल होने के आरोप हैं। गुजरात के जय शाह (ICC प्रेसिडेंट) इस समय क्रिकेट के मामले देख रहे हैं। क्या इससे BJP को भी कोई फाइनेंशियली फायदा हो रहा है।
महाराष्ट्र में मैच होता तो शिवसेना नहीं होने देती
आखिर में संजय ने लिखा- पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना हमारे सैनिकों की वीरता का अपमान ही नहीं, बल्कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी समेत उन शहीदों का भी अपमान है, जिन्होंने कश्मीर के लिए बलिदान दिया है। यह मैच दुबई में होने वाला है।
यदि यह महाराष्ट्र में होता तो बाला साहब की शिव सेना इसे नहीं होने देती। हिंदुत्व और देशभक्ति से ज्यादा पाकिस्तान के खिलाफ मैच को प्रायोरिटी देकर आपने भारतीयों की भावनाओंं को बेकार साबित किया है। शिवसेना (UBT) इसका विरोध करती है।
मैच को लाइव टेलीकास्ट नहीं करने की मांग
शिवसेना (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भारत-पाकिस्तान मैच को लाइव टेलीकास्ट नहीं करने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय IT मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव को लेटर लिखा। इसमें प्रियंका ने कहा- आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का मैसेज लेकर पार्लियामेंट्री डेलिगेशन कई देशों में गया। मैं भी इसका हिस्सा थी। ऐसे में भारत सरकार का पाकिस्तान के खिलाफ मैच का फैसला बिल्कुल भी स्वीकार नहीं होगा।
उन्होंने कहा- भारतीयों की भावनाओंं को ध्यान में रखते हुए और देश हित को देखते हुए IT मिनिस्ट्री को भारत-पाकिस्तान मैच का लाइव स्ट्रीमिंग ब्लॉक कर देना चाहिए। इसे OTT प्लेटफॉर्म, टीवी, APP या किसी भी वेबसाइट पर नहीं दिखाया जाना चाहिए।
भारतीय टीम पहला मैच 10 सितंबर को खेलेगी
एशिया कप इस बार 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

