शोएब से तलाक के बाद सानिया ने पैनिक अटैक झेला: फराह खान ने कहा- उन्हें देखकर घबरा गई थी, अकेले बेटे की परवरिश आसान नहीं
Published:
3 min read

सानिया मिर्जा ने अप्रैल 2010 में शोएब मलिक से शादी की थी। 2018 में दोनों का एक बेटा हुआ, जिसका नाम इजहान है। (Instagram)
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने अपना यूट्यूब चैनल लॉन्च किया है। इसके पहले ही एपिसोड में सानिया ने अपने जीवन के सबसे भावुक पल को शेयर किया है। सानिया ने बताया कि पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से तलाक के बाद उन्हें पैनिक अटैक आते थे। उस समय उनकी सबसे अच्छी दोस्त फराह खान उनके साथ खड़ी रहीं। फराह फिल्म डायरेक्टर और कोरियोग्राफर हैं।
सानिया का यूट्यूब चैनल Serving It Up With Sania है। इसके पहले एपिसोड में फराह मेहमान बनीं। इस दौरान सानिया ने बताया कि उन्हें एक लाइव शो करना था। तब वे पैनिक अटैक से गुजर रही थीं। वे शो नहीं करना चाहती थीं, लेकिन फराह ने उन्हें समय पर संभाला और शो करने में मदद की।
लाइव शो से पहले मैं कांप रही थी: सानिया
सानिया ने कहा- मैं यह बात कैमरे पर नहीं कहना चाहती, लेकिन मेरे जीवन का सबसे खराब समय भी आया था। तब आप (फराह खान) मेरे सेट पर आई थीं और मुझे एक लाइव शो के लिए जाना था। मैं काफी ज्यादा कांप रही थी। यदि आप वहां नहीं आती तो मैं वो शो नहीं कर पाती। आपने मुझसे कहा था कि चाहे जो भी हो, आप यह शो करोगी।
फराह ने उस दिन को याद करते हुए कहा कि वो भी सानिया को परेशान देखकर घबरा सी गई थीं। उन्होंने कहा- मैं भी बहुत डर गई थी। मुझे भी शूटिंग पर जाना था, लेकिन मैं सबकुछ छोड़कर पजामा और चप्पल पहनकर सीधे पहुंच गई थी। फराह ने कहा कि वे बस उस मुश्किल समय में अपनी दोस्त के साथ खड़ी रहना चाहती थीं।
अकेले बेटे की परवरिश करना आसान नहीं
शोएब से तलाक के बाद सानिया बेटे इजहान की अकेले ही केयर कर रही हैं। फराह ने इस बात को लेकर सानिया की जमकर तारीफ भी की। फराह ने कहा- अकेले यह सब करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है। बेटे की परवरिश करनी पड़ती है, उसे समय देना पड़ता है। डबल मेहनत करनी पड़ती है, जिसे आप बेहतर तरीके से कर रही हैं।
सानिया-शोएब की शादी 14 साल चली
दरअसल, सानिया ने अप्रैल 2010 में शोएब मलिक से शादी की थी। 2018 में दोनों का एक बेटा हुआ, जिसका नाम इजहान मिर्जा मलिक है। इसके बाद दोनों के बीच कुछ भी ठीक नहीं रहा। जनवरी 2024 में उनकी फैमिली ने बताया कि सानिया और शोएब के बीच तलाक हो गया है। कुछ समय बाद ही शोएब ने पाकिस्तानी एक्ट्रेस सना जावेद से निकाह कर लिया।

