70 ओवर में 260 टारगेट चेज कर लेंगे: सलमान अली आगा गलत साबित हुए; दूसरी पारी में 163 पर सिमट गई पाकिस्तान
Published:
3 min read

सलमान अली आगा ने मीरपुर टेस्ट की पहली पारी में 58 और दूसरी पारी में 26 रन बनाए। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम लगातार बुरे परफॉर्मेंस से जूझ रही है। शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम इस समय बांग्लादेश दौरे पर 2 टेस्ट की बाइलेटरल सीरीज खेल रही है। पहले टेस्ट के चौथे दिन पाकिस्तान टीम के बैटर सलमान अली आगा ने एक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि यदि टीम को 70 ओवर में 260 का टारगेट मिला तो वे चेज के लिए जाएंगे।
एक दिन पहले सलमान ने दिया था चैलेंज
सलमान ने कहा था कि इस टारगेट में उनकी टीम जीत सकती है। सलमान ने चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा था- निश्चित रूप से, हम चेज के लिए जाएंगे। यदि वे (बांग्लादेश टीम) ऐसा करने की हिम्मत रखते हैं... हमें 70 ओवर और 260 का टारगेट देते हैं, तो हम निश्चित रूप से चेज करेंगे, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे ऐसा करेंगे।
हालांकि अगले दिन बांग्लादेश टीम ने उनका चैलेंज एक्सेप्ट किया और 268 रन का टारगेट सेट किया। पाकिस्तान टीम को चेज के लिए ओवर भी करीब 70 ही मिले थे।
पाकिस्तान टीम 104 रन से टेस्ट हारी
मगर यहां सलमान एकदम गलत साबित हुए। पाकिस्तान टीम ने 3 रन पर ही पहला विकेट गंवा दिया था। इसके बाद 121 रन तक आते-आते आधी टीम सिमट गई। पाकिस्तान का 44 ओवर में 5 विकेट पर 152 स्कोर था, लेकिन अगले 11 रन बनाने में आखिरी 5 विकेट भी गंवा दिए।
इस तरह पाकिस्तान की पूरी टीम 163 रन पर सिमट गई और 104 रन से मीरपुर टेस्ट गंवा दिया। टारगेट चेज करने की तो दूर की बात, पाकिस्तान टीम 200 का स्कोर भी नहीं छू सकी।
बांग्लादेश को पहली पारी में 27 रन की बढ़त
मीरपुर टेस्ट में पाकिस्तान टीम के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया था। इसके बाद बांग्लादेश टीम ने पहली पारी में 413 रन बनाए। इस दौरान कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 101 रन की शतकीय पारी खेली। मोमिनुल हक ने 91 और मुस्तफिजुर रहमान ने 71 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अब्बास ने 5 और शाहीन शाह अफरीदी ने 3 विकेट लिए।
पाकिस्तान टीम अपनी पहली पारी में 386 रन ही बना सकी। उसके लिए अजान अवैस ने 103 रन की शतकीय पारी खेली। अब्दुल्लाह फजल ने 60, मोहम्मद रिजवान ने 59 और सलमान आगा ने 58 रन बनाए। जबकि मेहदी हसन मिराज ने 5 विकेट लिए।
पाकिस्तान को 268 का टारगेट
इस तरह बांग्लादेश को पहली पारी में 27 रन की बढ़त मिली। फिर बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 9 विकेट पर 240 रन बनाकर पारी घोषित की। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 87 और मोमिनुल हक ने 57 रन बनाए। हसन अली और नोमान अली ने 3-3 विकेट लिए। शाहीन अफरीदी को 2 सफलता मिली। इस तरह पाकिस्तान के सामने 268 रन का टारगेट सेट किया।
जवाब में पाकिस्तान की टीम 163 रन पर ही ढेर हो गई। अब्दुल्लाह फजल ने 66 और सलमान आगा ने 26 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी 20 का आंकड़ा नहीं छू सका। बांग्लादेश के लिए नाहिद राणा ने 5 विकेट लिए। तैजुल इस्लाम और तस्कीन अहमद को 2-2 सफलता मिली।

