सचिन ने मेसी को दिया अनमोल गिफ्ट: भज्जी फैमिली के साथ मिलने पहुंचे, देखिए शानदार फोटोज
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी 'GOAT इंडिया टूर 2025' के तहत 3 दिन के भारत दौरे पर हैं। दूसरे दिन वे मुंबई पहुंचे, जहां वानखेड़े स्टेडियम में उनके लिए स्पेशल प्रोग्राम रखा गया। इसी दौरान मेसी से क्रिकेट के दिग्गजों और बॉलीवुड स्टार्स ने मुलाकात की।
सचिन तेंदुलकर ने मेसी को अपनी साइन की हुई जर्सी गिफ्ट में दी। सचिन की यह जर्सी वर्ल्ड कप 2011 की है। जबकि मेसी ने सचिन को गिफ्ट में फुटबॉल दी। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।

जब सचिन-मेसी साथ आए तो पूरा स्टेडियम दोनों के नाम से गूंज गया। यह वही स्टेडियम है, जहां भारतीय टीम ने 2011 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल जीता था। इसी स्टेडियम में विराट कोहली ने अपनी 50वीं वनडे सेंचुरी लगाई थी।

इस मौके पर पू्र्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह भी फैमिली के साथ मौजूद रहे और लियोनल मेसी से मुलाकात की। भज्जी पत्नी गीता बसरा और बच्चों के साथ पहुंचे थे। हरभजन ने मेसी के साथ वाले कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर किए। मेसी ने भज्जी को अपनी साइन की हुई जर्सी गिफ्ट में दी।

वानखेड़े स्टेडियम में एक और खास नजारा देखने को मिला। स्टार भारतीय फुटबॉलर सुनील छेत्री भी मेसी से मिलने पहुंचे। दोनों ने एक दूसरे को गले लगाया। इस मुलाकात के भी कई फोटो-वीडियो वायरल हो रहे हैं।

इस दौरान सचिन ने कहा- मैंने यहां कई शानदार पल बिताए हैं। मुंबई सपनों का शहर है और इस जगह पर कई सपने पूरे हुए हैं। आपके (फैन्स) सपोर्ट के बगैर हम 2011 में (वनडे वर्ल्ड कप जीत में) उन सुनहरे पलों को कभी नहीं देख पाते। उन तीनों (मेसी, लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल) का यहां होना मुंबई और भारत के लिए एक सुनहरा पल है।
अजय-करीना भी मेसी से मिले
इस दौरान बॉलीवुड स्टार अजय देवगन, करीना कपूर और टाइगर श्रॉफ भी इवेंट में पहुंचे। यह सभी फैमिली के साथ आए और लियोनल मेसी से मिले। महाराष्ट्र के CM ने अजय और टाइगर का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
मुंबई चा राजा रोहित शर्मा' के नारे लगे
यह वानखेड़े स्टेडियम भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का होम ग्राउंड है। ऐसे में मेसी और सचिन जब ग्राउंड में थे, तब रोहित के नाम के नारे लगे। दर्शकों ने 'मुंबई चा राजा रोहित शर्मा' के नारे लगाए। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।

