'मुझे पता था जो रूट एक दिन कमाल करेंगे': रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंचा इंग्लिश बल्लेबाज, सचिन तेंदुलकर ने की तारीफ
Published:
3 min read

जो रूट टेस्ट मैच में सचिन तेदुलकर के रिकॉर्ड से सिर्फ 2378 रन पीछे हैं। (फोटो क्रेडिट:सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 200 टेस्ट मैचों में 15,921 रन बनाए। अब इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। वे सचिन से 2378 रन पीछे हैं। हाल ही में सचिन ने पहली बार इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी और जो रूट की जमकर तारीफ की।
सचिन बोले- पता था रूट बडे प्लेयर बनेंगे
सचिन तेंदुलकर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर (Ask Me Anything) सेशन में एक सवाल के जवाब में जो रूट की तारीफ की। उनसे पूछा गया आपका जो रूट को लेकर पहला इंप्रेशन क्या था और आज वह टेस्ट में आपके पीछे हैं, कैसा लग रहा है?
इसके जवाब पर सचिन ने कहा- '13,000 रन पार करना बहुत बड़ी अचीवमेंट है। वह अभी भी अच्छे फॉर्म में है। जब मैंने उन्हें 2012 में नागपुर टेस्ट में पहली बार खेलते देखा, तभी मैंने अपने टीम मेट से कहा था कि वह फ्यूचर में इंग्लैंड के कप्तान बनेंगे। मुझे पिच को परखने की क्षमता, स्ट्राइक रोटेट करने का तरीका बहुत पसंद आया। उसी वक्त मुझे लगा था कि ये खिलाड़ी बड़ा नाम करेगा।'
रूट- सचिन के रिकॉर्ड से 2378 रन पीछे
जो रूट ने 2012 में भारत के खिलाफ नागपुर में अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि ये प्लेयर एक दिन सचिन के रिकॉर्ड के इतने करीब पहुंच जाएगा।
2025 तक आते-आते रूट ने 13,543 टेस्ट रन बना लिए हैं और अब वो सचिन से सिर्फ 2378 रन पीछे हैं। खास बात ये है कि पिछले कुछ सालों में उन्होंने विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन जैसे बड़े खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
2021 में भी की थी सचिन ने तारीफ
2021 में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में जब इंग्लैंड की टीम लॉर्ड्स टेस्ट में हार गई थी, तब भी सचिन ने कहा था कि अगर कोई इंग्लैंड को संभाल सकता था, तो वो सिर्फ जो रूट ही थे। उन्होंने बताया कि उस समय की इंग्लैंड टीम में पहले जैसे क्लास के खिलाड़ी नहीं थे, लेकिन जो रूट में वह बात थी।
2025 में अच्छे फॉर्म में थे रूट
हाल ही में भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी खेली गई, जिसमें रूट ने 67.12 के औसत से 537 रन बनाए। उन्होंने तीन सेंचुरी भी लगाईं। इंग्लैंड का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में होगा। खास बात ये है कि रूट ने अब तक ऑस्ट्रेलिया में शतक नहीं मारा है, लेकिन जिस फॉर्म में वह हैं, ऐसा लग रहा है कि इस बार वे ऑस्ट्रेलिया में भी कमाल का क्रिकेट खेलेंगे।
रूट का टेस्ट रिकॉर्ड
| मैच | 158 |
| रन | 13,543 |
| सेंचुरी | 38 |
| फिफ्टी | 66 |

