आप सच में सचिन तेंदुलकर हैं क्या: सचिन बोले- आधार कार्ड भेजूं क्या; बेटे अर्जुन तेंदुलकर की सगाई पर दिया रिएक्शन
Published:
3 min read

हाल ही में सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन की सगाई बिजनेस टायकून रवि घई की पोती सानिया चंडोक से हुई है। (सोशल मीडिया)
सचिन तेंदुलकर ने सोमवार (25 अगस्त) को रेडिट पर फैन्स से बातचीत की। इसी दौरान आस्क मी एनीथिंग (AMA) सेशन हुआ, जिसमें सचिन ने फैन्स के सवालों के मजेदार जवाब दिए। इसी दौरान सचिन ने बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की सगाई पर भी रिएक्शन दिया। अजीब बात यह हुई कि जवाब सुनकर फैन्स को विश्वास नहीं हुआ कि यह सच में सचिन तेंदुलकर हैं या कोई और।
एक फैन ने पूछ लिया कि आप सच में सचिन तेंदुलकर हैं क्या? इस पर सचिन ने मजेदार कमेंट किया और लिखा कि आधार कार्ड भेजूं क्या। यह जवाब बाकी फैन्स को भी पसंद आया।
बकनर को बॉक्सिंग ग्लव्स पहना दें
इसी दौरान एक फैन ने अंपायर स्टीव बकनर को लेकर सवाल किया। यह वही अंपायर हैं, जिन्होंने कई मौकों पर सचिन को गलत आउट दिया। 2003 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट और 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में सचिन को गलत आउट दिया था।
एक फैन ने सचिन से पूछा कि बकनर को लेकर वो क्या कहेंगे? इस पर मास्टर ब्लास्टर ने कहा- “जब मैं बैटिंग करूं तो उन्हें (स्टीव बकनर को) बॉक्सिंग ग्लव्स पहना दें (ताकि आउट के लिए उंगली न उठा सकें)।” इसी जवाब के बाद फैन ने पूछा था कि क्या आप सच में सचिन हैं या कोई और।
उस फैन ने लिखा- ”सच में सचिन तेंदुलकर हैं क्या? कृपया वॉइस नोट शेयर करें।” इस पर सचिन ने अपनी एक लाइव फोटो शेयर की, जिसमें वे बड़ी स्क्रीन पर उस फैन के सवाल को दिखाते नजर आ रहे हैं। साथ ही लिखा- ” अभी आधार कार्ड भेजूं क्या?”
अर्जुन तेंदुलकर की सगाई पर सचिन का रिएक्शन
AMA सेशन के दौरान एक फैन ने सचिन से उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर की सगाई को लेकर सवाल किया। उसने पूछा- क्या सच में अर्जुन ने सगाई कर ली है? इस पर सचिन ने कहा- “हां उसने सगाई कर ली। हम सभी उसकी लाइफ के नए फेस के लिए काफी एक्साइटेड हैं।” अर्जुन की सगाई हाल ही में बिजनेस टायकून रवि घई की पोती सानिया चंडोक से हुई है।
फैन्स और सचिन के बीच सवाल-जवाब…
फैन: वेस्टइंडीज का बॉलिंग अटैक या ऑस्ट्रेलिया का बॉलिंग अटैक?
सचिन: क्यों? क्या आप उन्हें खेलने वाले हैं?
फैन: अगर सचिन क्रिकेटर नहीं होते, तो वे कौन सा पेशा चुनते?
सचिन: टेनिस खिलाड़ी!
फैन: आमिर खान ने कहा था कि वे भी टेनिस खिलाड़ी होते। क्या आपने कभी उनके साथ टेनिस खेला है?
सचिन: नहीं, लेकिन मैंने उनके साथ टेबल टेनिस खेला है।
फैन: आपका पसंदीदा विकेट कौन सा है?
सचिन: मोईन खान… दिन की आखिरी गेंद।
फैन: आपकी बेटी सारा के नए काम के लिए बधाई, आपने अपने बच्चों को बचपन में क्या सलाह दी थी?
सचिन: मैं हमेशा मानता हूं कि ड्रीम्स को चेज करते रहना चाहिए, तभी वे पूरे होते हैं। मैंने खुद यही फॉलो किया और यही बात दोनों बच्चों को भी बता। क्रिकेट हो या जिंदगी, प्रोसेस पर भरोसा रखो नतीजे अपने आप मिलेंगे।
फैन: क्या आप सफर के लिए बकेट लिस्ट रखते हैं या फिर फ्लो के साथ चलते हैं?
सचिन: अंजलि लिस्ट लेकर चलती है। मैं बस उसके फ्लो के साथ चलता हूं!

