टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच इस्तीफा देंगे: रिपोर्ट्स- इंग्लैंड सीरीज आखिरी, रयान टेन डोशेट बोले- अब फैमिली को टाइम देना चाहता हूं
Published: Updated:
3 min read

रयान टेन डोशेट दो साल पहले जुलाई 2024 में गौतम गंभीर के साथ टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में शामिल हुए थे। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट (Ryan ten Doeschate) इंग्लैंड के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के बाद अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक- रयान ने BCCI को अपने फैसले की जानकारी दे दी है। अगर बोर्ड और हेड कोच गौतम गंभीर मंजूरी देते हैं, तो इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे मैच उनके टेन्योर का आखिरी मुकाबला हो सकता है।
टीम की हार कारण नहीं
रिपोर्ट के मुताबिक- रयान का फैसला किसी नाराजगी या टीम के खराब खेलने की वजह से नहीं है। उन्होंने निजी कारणों से यह कदम उठाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि वह अब अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते हैं। उनका परिवार लंदन में रहता है और वह ऐसी जिम्मेदारी चाहते हैं, जहां बार-बार सफर न करना पड़े और काम का दबाव भी कम हो।
टीम इंडिया के 2 साल पहले असिस्टेंट कोच बने थे
रयान करीब दो साल पहले जुलाई 2024 में गौतम गंभीर के साथ टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में शामिल हुए थे। माना जा रहा है कि उनका कॉन्ट्रैक्ट अब पूरा हो चुका है। उनका कार्यकाल 12 से 14 जुलाई के बीच खत्म माना जा रहा है, लेकिन वह इंग्लैंड वनडे सीरीज खत्म होने तक टीम के साथ बने रह सकते हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि गौतम गंभीर ने ही रयान का नाम BCCI को सुझाया था। इसलिए उनके इस्तीफे को मंजूरी देने या रोकने का अंतिम फैसला गंभीर की राय पर भी निर्भर करेगा। हालांकि, ऐसी संभावना कम बताई जा रही है कि गंभीर उन्हें रोकेंगे।

इंडिया लगातार 2 T20 सीरीज हारी
इस बीच टीम इंडिया के हालिया प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा हो रही है। भारतीय टीम को पहले आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 0-2 और फिर इंग्लैंड के खिलाफ 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। यह बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर की भी पहली दो सीरीज रहीं।

गंभीर को एमएसके प्रसाद का सपोर्ट
हालांकि, भारत के पूर्व सिलेक्टर और पूर्व क्रिकेटर एमएसके प्रसाद ने गौतम गंभीर का सपोर्ट किया है। उनका कहना है कि सिर्फ हार के लिए कोच को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं होगा। प्रसाद ने कहा कि इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर टीम के दो बड़े खिलाड़ी हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह उपलब्ध नहीं थे। हार्दिक फिटनेस की वजह से टीम में नहीं थे, जबकि बुमराह को आराम दिया गया था। ऐसे में पूरी ताकत वाली टीम नहीं खेल रही थी।
उन्होंने आगे कहा- किसी टीम की जीत या हार सिर्फ कोच की वजह से नहीं होती। इसमें खिलाड़ी, कप्तान और पूरा सपोर्ट स्टाफ मिलकर योगदान देते हैं। इसलिए अभी गौतम गंभीर के काम पर सवाल उठाना जल्दबाजी होगी।

