41 साल के क्रिकेटर रॉस टेलर की संन्यास से वापसी: मां के देश समोआ के लिए खेलेंगे, टी20 वर्ल्ड कप में जगह दिलाना टारगेट
Published:
2 min read

रॉस टेलर ने न्यूजीलैंड के लिए 112 टेस्ट, 236 वनडे और 102 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। (Instagram)
न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर रॉस टेलर ने एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने संन्यास से वापसी करते हुए समोआ के लिए क्रिकेट खेलने का ऐलान किया है। समोआ में टेलर का ननिहाल है। इसी देश में उनकी मां का जन्म हुआ। रॉस टेलर का टारगेट समोआ को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई कराना है। टेलर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी।
समोआ को ICC टी20 वर्ल्ड कप एशिया-ईस्ट एशिया पैसिफिक क्वालिफायर खेलना है। यह वर्ल्ड कप के लिए एक क्वालिफायर टूर्नामेंट है, जिसके जरिए समोआ की टीम वर्ल्ड कप खेल सकती है।
टेलर ने अप्रैल 2022 में लिया था संन्यास
41 साल के रॉस टेलर ने पोस्ट में लिखा- यह आधिकारिक हो गया है। मुझे यह ऐलान हुए खुशी हो रही है कि मैं ब्लू जर्सी पहनकर समोआ टीम के लिए क्रिकेट खेलूंगा। यह क्रिकेट में वापसी से भी कहीं बढ़कर खुशी है कि मैं अपने विलेज, कल्चर, हेरिटेज और फैमिली को रिप्रेजेंट करूंगा। यह मेरे लिए सम्मान की बात है।
टेलर की मां समोआ से थीं, इस कारण वे इस टीम से खेल पा रहे हैं। टेलर ने आखिरी इंटरनेशनल मैच 4 अप्रैल 2022 को खेला था। मैच के बाद उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा भी कह दिया था। तीन साल बाद अब टेलर समोआ टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करेंगे।

इंटरनेशनल क्रिकेट में 40 शतक लगाए
राइट हैंड बैटर टेलर ने न्यूजीलैंड के लिए 112 टेस्ट, 236 वनडे और 102 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इस दौरान मिडिल ऑर्डर बैटर ने टेस्ट में 19 शतक के साथ 7683 रन और वनडे में 21 सेंचुरी के साथ 8607 रन बनाए हैं। T20I में कोई सेंचुरी नहीं लगे और 1909 रन बनाए।
न्यूजीलैंड ने जब पहला ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप खिताब जीता था, तब रॉस टेलर टीम का हिस्सा थे। इसका फाइनल जून 2021 में हुआ था।
समोआ की टीम ICC टी20 वर्ल्ड कप एशिया-ईस्ट एशिया पैसिफिक क्वालिफायर में पहला मैच 8 अक्टूबर को खेलेगी। ग्रुप में इस टीम के 2 मैच होंगे। पहला मुकाबला ओमान से होगा। दूसरे मैच में पपुआ न्यू गिनी से टक्कर होनी है।

