2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए रोहित-विराट फिक्स: श्रीकांत बोले- अब उनसे कोई सवाल नहीं किया जाना चाहिए, वो बैट से जवाब दे रहे हैं
Published:
3 min read

भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को खेला जाएगा। यह मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के पूर्व ओपनर, कप्तान और सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन श्रीकांत ने कहा है कि रांची में विराट और रोहित की बैटिंग के बाद ये तय हो गया है कि ये दोनों 2027 वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा होंगे। श्रीकांत ने कहा- अब कोई सवाल बाकी नहीं रह गया है। दोनों ही जबरदस्त प्लेयर हैं। उन्होंने हर सवाल का जवाब बैटिंग से दे दिया है।
दोनों के बिना टीम अधूरी
अपने यूट्यूब चैनल पर श्रीकांत ने कहा- रोहित और विराट के बिना टीम इंडिया 2027 के वर्ल्ड कप में अधूरी दिखेगी। उनका टीम में होना बहुत जरूरी है। वो अलग ही लेवल का क्रिकेट खेल रहे हैं। आपको एक एंड पर विराट और दूसरे एंड पर रोहित की बहुत जरूरत होगी। अच्छा होगा कि अब इन दोनों के सिलेक्शन पर कोई सवाल न पूछा जाए, क्योंकि वो हर सवाल का जवाब न सिर्फ बल्ले से बल्कि अपनी फिटनेस से भी दे रहे हैं।

2013 से शानदार प्रदर्शन
श्रीकांत ने कहा- आप खुद देखिए कि किस तरह से ये दोनों बैटिंग कर रहे हैं। 2013 के बाद से दुनिया की हर टीम के खिलाफ होम और फॉरेन टूर पर उन्होंने जबरदस्त बैटिंग की है। अब आपको किसी और जवाब की जरूरत नहीं होनी चाहिए। आज भी रांची में वही हुआ। दोनों ने अकेले टीम को वो स्कोर दे दिया, जो जीत के लिए काफी था। साउथ अफ्रीका ने कोशिश जरूर की, लेकिन वो हमारे साथ नहीं आ पाए।
मैच की ब्रीफ समरी
भारतीय टीम ने 3 वनडे की घरेलू सीरीज के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 17 रन से हरा दिया है। यह मैच रविवार (30 नवंबर) को रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। भारतीय टीम ने 8 विकेट गंवाकर 349 रन बनाए। विराट कोहली ने वनडे करियर का 52वां शतक लगाया। रोहित शर्मा और केएल राहुल ने फिफ्टी लगाई। कोहली ने 120 बॉल पर 135 रनों की पारी खेली। केएल राहुल ने 60 और रोहित शर्मा ने 57 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने आखिर में 32 रन बनाए।साउथ अफ्रीका के लिए मार्को यानसेन, नंद्रे बर्गर, कॉर्बिन बॉश और ओटनील बार्टमैन ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इस तरह भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को 350 रन का टारगेट दिया।
350 रन के टारगेट का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने 11 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कुछ अच्छी पार्टनरशिप हुईं। मैथ्यू ब्रीट्जके और मार्को यानसेन ने 97 रन की पार्टनरशिप कर टीम को संभालने की कोशिश की। दोनों ने फिफ्टी लगाई।
आखिर में कॉर्बिन बॉश ने फिफ्टी लगाई, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। अफ्रीकी टीम के लिए ब्रीट्जके ने 72, यानसेन ने 70 और बॉश ने 67 रन की पारी खेली। उनके अलावा टोनी डी जॉर्जी ने 39 और डेवॉल्ड ब्रेविस ने 37 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए कुलदीप यादव ने 4, हर्षित राणा ने 3 विकेट अपने नाम किए। अर्शदीप सिंह को 2 और प्रसिद्ध कृष्णा को 1 विकेट मिला।
भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को खेला जाएगा। यह मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1.30 बजे से शुरू होगा।

