रोहित और विराट के साथ खेलना मोटिवेशनल : तिलक वर्मा बोले- टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में मैच विनर बनना चाहता हूं
Published:
2 min read

तिलक वर्मा (फोटो फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के युवा बैटर तिलक वर्मा ने कहा है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर प्लेयर्स के साथ खेलना मोटिवेशनल मोमेंट होता है। इससे टीम का डेडिकेशन बढ़ जाता है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही 3 मैच की ODI सीरीज में तिलक को खेलने का अवसर मिला है और वह इसे अपने कॅरियर के लिए बड़ा मौका मानते हैं।
माइंड सेट भी अलग हो जाता है
तिलक ने एक इंटरव्यू में कहा- रोहित और विराट भाई के साथ टीम में खेलते हैं तो उनका खुद का आत्मविश्वास और टीम का मनोबल दोनों ही अलग लेवल पर पहुंच जाता है। इन दोनों खिलाड़ियों माइंड सेट और मोटिवेशन से टीम को काफी फायदा होता है। तिलक ने आगे कहा- मुझे वनडे और टेस्ट क्रिकेट ज्यादा पसंद है। मुझे लंबे फॉर्मेट खेलना अच्छा लगता है। रोहित और विराट टीम में होते हैं तो जितना सीख सकूं, उतना सीखता हूं। दोनों के होने हिम्मत मिलती है।

विराट से सलाह लेना शानदार अनुभव
इस यंग बैटर ने कहा- मैं अक्सर विराट से फिटनेस और रनिंग बिटवीन द विकेट के बारे में सलाह लेता हूं। विराट भाई से ज्यादा बातें करता हूं, उनकी एनर्जी और एग्रेशन अलग लेवल का है। मुझे भी दौड़ना पसंद है और मैं भी काफी तेज हूं। इसलिए उनके साथ रनिंग करना मजेदार होता है।तिलक ने यह भी कहा कि अगर उन्हें विराट के साथ अधिक मैच खेलने का मौका मिलेगा, तो वह इसे अपने लिए सीखने का बड़ा अवसर मानेंगे।
23 साल के तिलक वर्मा अब तक चार वनडे मैच खेल चुके हैं और एक फिफ्टी भी बना चुके हैं। उनका कहना है कि अब उनका लक्ष्य अपने खेल को और मजबूत बनाना है, खासकर वनडे और टेस्ट जैसे लंबे फॉर्मेट में।


