रोहित-विराट की वापसी जल्द: बांग्लादेश दौरा टलने के बाद अब श्रीलंका से सीरीज खेल सकती है टीम इंडिया, कई बोर्ड से आया प्रस्ताव
Published:
3 min read

रोहित शर्मा और विराट कोहली। (सोर्स: AP)
रोहित शर्मा और विराट कोहली जल्द ही टीम इंडिया के लिए खेलते नजर आ सकते हैं। भारतीय टीम को अगस्त में बांग्लादेश दौरे पर जाना था, लेकिन यह सीरीज एक साल के लिए टल गई है। ऐसे में माना जा रहा था कि कोहली-रोहित की वापसी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
मगर इसी बीच श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सामने एक प्रस्ताव रखा है। श्रीलंका ने अपने साथ अगस्त में 3 वनडे और 3 टी20 की सीरीज खेलने की बात कही है।
अगर यह सीरीज होती है तो अगस्त में ही रोहित और कोहली वनडे सीरीज खेलते नजर आ सकते हैं। यह दोनों ही खिलाड़ी टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। हालांकि वनडे खेल रहे हैं।
अब 2026 में होगा बांग्लादेश दौरा
दरअसल, अगस्त में भारत का बांग्लादेश दौरा होने वाला था। शेड्यूल भी जारी हो गया था। लेकिन अब यह दौरा सितंबर 2026 तक के लिए टाल दिया गया है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए अगस्त महीना खाली रहने वाला था। इसी कारण श्रीलंका ने टीम इंडिया को द्विपक्षीय वनडे और टी20 खेलने का प्रस्ताव दिया।
बीसीसीआई को मिले ऑफर
बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि हमें कुछ क्रिकेट बोर्ड से द्विपक्षीय सीरीज खेलने के प्रस्ताव मिले हैं। हम अभी इन पर विचार कर रहे हैं। जो भी टीम उस समय फ्री होगी, उसके साथ मैच खेले जा सकते हैं।
भारत-पाकिस्तान का मुकाबला 7 सितंबर को
बीसीसीआई ने एशिया कप 2025 को लेकर भी केंद्र सरकार से सलाह लेने की योजना बनाई है। यह टूर्नामेंट सितंबर में UAE में होना है।
इसी के तहत भारत-पाकिस्तान मुकाबला 7 सितंबर को तय है। पहलगाम हमले के बाद हालात बदल गए हैं। इसलिए बीसीसीआई अब सरकार की सलाह के बाद ही यह टूर्नामेंट खेलने को लेकर फैसला करेगा।
बीसीसीआई नहीं करेगा ढाका में बैठक
इसके अलावा बीसीसीआई ने 24 जुलाई को ढाका में होने वाली एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक को लेकर भी आपत्ति जताई है। बोर्ड का कहना है कि बांग्लादेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति को देखते हुए वहां जाना सही नहीं होगा। इसलिए उन्होंने बैठक की जगह बदलने की मांग की है।
रोहित-कोहली ने आखिरी वनडे कब खेला था?
रोहित और कोहली ने आखिरी वनडे मैच इसी साल मार्च में खेला था। यह मुकाबला चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल था। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में रोहित ने 76 और कोहली ने 1 रन बनाया था। भारतीय टीम यह फाइनल 4 विकेट से जीती थी।
IPL में खेलते नजर आए थे रोहित-कोहली
चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद रोहित और कोहली IPL 2025 सीजन में खेलते नजर आए थे। कोहली ने अपना आखिरी मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ IPL फाइनल खेला था। इस मैच में 43 रन बनाए थे। यह फाइनल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 6 रन से जीता था।
पूरे सीजन में कोहली ने 16 मैच में 54.75 के एवरेज से 657 रन बनाए थे। उन्होंने 8 फिफ्टी लगाई। रोहित ने इस सीजन में 15 मैच खेले, जिसमें 29.85 के औसत से 418 रन बनाए।

