विराट-रोहित की ODI रैंकिंग में वापसी: ICC ने गलती सुधारी, कोहली-रोहित टॉप-5 में बरकरार; दोनों के रिटायरमेंट की चर्चा होने लगी थी
Published:
3 min read

कोहली और रोहित ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद T20I से संन्यास ले लिया था। इस साल मई 2025 में टेस्ट फॉर्मेट को भी अलविदा कह दिया। अब यह दोनों वनडे ही खेलते नजर आएंगे। (@BCCI)
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार (20 अगस्त) को लेटेस्ट वनडे रैंकिंग जारी करते हुए विराट कोहली और रोहित शर्मा बाहर कर दिया था। इसके बाद दोनों के रिटायरमेंट की चर्चाएं चलने लगी थीं। हालांकि ICC ने 4 घंटे में ही इस गलती को सुधारा और कोहली-रोहित की वनडे बैटर्स की रैंकिंग में वापसी हुई। दोनों टॉप-5 में बरकरार हैं। रोहित दूसरे और कोहली चौथे नंबर पर हैं।
दरअसल, कोहली और रोहित टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट से रिटायरमेंट ले चुके हैं। हालांकि दोनों ने वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान अब तक नहीं किया है।
ICC रैंकिंग से बाहर होने के बाद कोहली-रोहित के वनडे से संन्यास की अटकलें तेज हो गई थीं। फैन्स और दिग्गजों के मन में यह सवाल जरूर आया कि कोहली-रोहित ने वनडे से संन्यास नहीं लिया, तो फिर उन्हें एक ही हफ्ते में टॉप-5 से निकालकर ओवरऑल रैंकिंग से बाहर क्यों कर दिया गया।
पहले भी कई बार ICC से गलतियां हुईं
इससे पहले भी ICC से कई बार रैंकिंग में गलतियां हुई हैं। दो बार भारतीय टीम को टेस्ट में गलती से नंबर-1 बना दिया था। पहली बार जनवरी 2022 और दूसरी बार फरवरी 2022 में हुआ था। दोनों ही बार कुछ घंटों में ICC ने गलती सुधार ली थी।
क्या खिलाड़ी को ICC रैंकिंग से बाहर किया जा सकता है?
हां ऐसा दो ही शर्तों के आधार पर हो सकता है। पहला है कि यदि कोई प्लेयर 12 से 15 महीने तक कोई टेस्ट नहीं खेलता है, तो उसे टेस्ट रैंकिंग से बाहर कर दिया जाता है। जबकि वनडे और टी20 में 9 से 12 महीने के बीच मैच खेलना होता है।
जैसे- दिसंबर 2014 में महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट से संन्यास लिया था। तब उन्हें टेस्ट रैंकिंग से बाहर कर दिया था, लेकिन वे वनडे रैंकिंग में बरकरार थे।
दूसरा है कि यदि कोई प्लेयर किसी फॉर्मेट से संन्यास ले लेता है, तो उस फॉर्मेट की रैंकिंग से बाहर कर दिया जाता है। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने पर वह प्लेयर तीनों फॉर्मेट की रैंकिंग से बाहर हो जाता है।
फरवरी-मार्च में खेली थी चैम्पियंस ट्रॉफी
कोहली और रोहित ने पहले नियम का पालन किया है। उन्होंने इसी साल फरवरी-मार्च में ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 खेली थी। वनडे फॉर्मेट में होने वाले इस टूर्नामेंट का फाइनल 9 मार्च को हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराया था। कोहली-रोहित दोनों ने यह मैच खेला था।
फिर सवाल दूसरे नियम को लेकर उठा कि क्या कोहली और रोहित ने वनडे फॉर्मेट से भी तो संन्यास नहीं ले लिया? इसका जवाब अभी भी नहीं ही है। रोहित और कोहली ने मई 2025 में टेस्ट से संन्यास लिया था। तब उन्होंने वनडे में खेलते रहने की बात कही थी। दोनों वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलना चाहते हैं। अब ICC ने दोबारा दोनों को वनडे रैंंकिंग में शामिल कर बता दिया कि कोहली-रोहित ने ODI से संन्यास नहीं लिया, बल्कि गलती से दोनों रैंकिंग से बाहर हुए थे।
अगली वनडे सीरीज ऑस्ट्रेलिया से अक्टूबर में
भारतीय टीम ने चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद कोई वनडे मैच भी नहीं खेला है। अब उसकी अगली वनडे सीरीज अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी के घर में होगी। रोहित और कोहली इस सीरीज में खेलते नजर आ सकते हैं।

