रोहित और कोहली अभी रिटायर नहीं हो रहे: BCCI उपाध्यक्ष ने कहा- हम किसी प्लेयर को रिटायर होने के लिए नहीं कहते
Published:
2 min read

अक्टूबर में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है। जहां दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 5 टी20 मैच की सीरीज खेली जाएगी। इसी वनडे सीरीज में कोहली-रोहित नजर आ सकते हैं। (BCCI)
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। यह दोनों स्टार अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेल रहे हैं। इसी बीच रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि 38 साल के रोहित और 36 साल के विराट जल्द ही वनडे से भी संंन्यास लेकर क्रिकेट को अलविदा कह देंगे।
इस मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि रोहित और कोहली अभी रिटायर नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी प्लेयर को रिटायर होने के लिए नहीं कहते हैं। इसका फैसला खिलाड़ी खुद करता है।
कोहली और रोहित दोनों अच्छा खेल रहे
एक इंटरव्यू में पूछा गया कि क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली को रिटायर (वनडे से) होने पर सचिन तेंदुलकर की तरह फेयरवेल मिलेगा? इस पर राजीव शुक्ला ने कहा- “वो रिटायर कब हो रहे हैं? रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों अभी वनडे खेलेंगे ही। रिटायर तो अभी हो नहीं रहे तो फेयरवेल की बात क्यों करने लगे।”
राजीव ने कहा कि दो फॉर्मेट (टेस्ट, टी20) से संन्यास लिया है, वनडे तो खेल ही रहे हैं। ऐसे में परेशान होने की जरूरत नहीं है। राजीव ने कहा- “BCCI की पॉलिसी क्लियर है कि हम किसी प्लेयर को नहीं कहते कि रिटायर हो। उसको खुद अपना फैसला करना होता है।”
BCCI उपाध्यक्ष ने कहा- “जब पुल आएगा तब बताएंगे कि कैसे क्रॉस करना है। तुम लोग पहले से ही फेयरवेल करवाने लगे। विराट कोहली बहुत फिट है और अच्छा खेलता है। रोहित शर्मा अच्छा खेलता है। अभी क्यों फेयरवेल के लिए परेशान हो रहे हैं आप लोग।”
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेलेंगे रोहित-कोहली
इस साल एशिया कप 2025 सितंबर में होगा। यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में होगा। इसके बाद भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की घरेलू सीरीज खेलनी है। दोनों में कोहली और रोहित नजर नहीं आएंगे, क्योंकि उन्होंने इन दोनों फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है।
अक्टूबर में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है। जहां दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 5 टी20 मैच की सीरीज खेली जाएगी। इसी वनडे सीरीज में कोहली-रोहित नजर आ सकते हैं। दोनों वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलने का प्लान बना चुके हैं।

