भारत के न्यूजीलैंड दौरे का शेड्यूल आया: 41 दिन में 12 मैच खेलेगी टीम इंडिया, 22 अक्टूबर को पहला मुकाबला
Published:
3 min read

टीम इंडिया 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी। इस दौरे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
स्पोर्ट्स डेस्क. न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने अपने होम सीजन 2025-26 का पूरा शेड्यूल अनाउंस कर दिया है। इसके मुताबिक, भारतीय टीम 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी। इस दौरे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
यह दौरा विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए बेहद खास माना जा रहा है। दोनों खिलाड़ी 2027 वनडे वर्ल्ड कप के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। ऐसे में यह उनके करियर का न्यूजीलैंड में आखिरी दौरा हो सकता है।
न्यूजीलैंड में इंडिया का सबसे बड़ा दौरा
भारत इस दौरे पर 12 मैच खेलेगा, जो न्यूजीलैंड क्रिकेट में किसी भी विदेशी टीम का सबसे बड़ा दौरा होगा। भारत का न्यूजीलैंड में यह पहला ऑल-फॉर्मेट दौरा होगा, जिसमें तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) शामिल होंगे। इससे पहले भारत ने 2019-20 में ऐसा दौरा किया था।

इंडिया के साथ सीरीज खेलना अगल बात है
न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ मार्केटिंग और कमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचले ने कहा- टीम इंडिया का दौरा उनके लिए बहुत बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा- हम चाहते हैं कि न्यूजीलैंड के लोग इस दौरे का भरपूर आनंद लें। टीम इंडिया के साथ खेलना और उस दौरान स्टेडियम का माहौल देखने लायक होता है। उन्होंने यह भी कहा कि विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े खिलाड़ियों को देखने के लिए स्टेडियम खचाखच भर सकते हैं।
विराट और रोहित पर रहेंगी सबकी नजरें
इस दौरे में सबसे ज्यादा चर्चा विराट और रोहित की होगी। दोनों खिलाड़ी पहले ही टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। हालांकि दोनों ने हाल के समय में वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि वे 2027 वर्ल्ड कप तक टीम का हिस्सा रहेंगे या नहीं। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने भी उनके फ्यूचर को लेकर कोई पक्की बात नहीं कही है।

2027 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए अहम सीरीज
भारत के लिए यह वनडे सीरीज 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी का बड़ा मौका होगी। न्यूजीलैंड की कंडीशन में खेलने से टीम को अपनी ताकत और कमजोरियों का पता चलेगा। अगर विराट और रोहित अगले वर्ल्ड कप तक खेलने का टारगेट रखते हैं, तो इस दौरे में उनका प्रदर्शन काफी अहम माना जाएगा।

