कोहली-रोहित को 35 दिन का आराम: अब सीधे धोनी के शहर में मैच खेलेंगे, साउथ अफ्रीका से टक्कर; देखिए शेड्यूल
Published:
3 min read

सिडनी वनडे में कोहली ने 74 रन बनाए थे। जबकि रोहित शर्मा ने 121 रन की नाबाद पारी खेली। रोहित को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे में शानदार प्रदर्शन करने वाले रोहित शर्मा और विराट कोहली को 35 दिन का आराम मिल गया है। अब यह दोनों साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेलते नजर आएंगे। सीरीज का पहला मुकाबला महेंद्र सिंह धोनी के शहर रांची में होगा।
दरअसल, भारतीय टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली। यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से जीती है। अब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इसके बाद नवंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट की घरेलू सीरीज होगी।
रोहित-कोहली सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे
दूसरी ओर रोहित और कोहली ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले लिया है। यह दोनों सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। ऐसे में रोहित-कोहली दोनों सीरीज से बाहर रहेंगे। लेकिन भारतीय टीम को टेस्ट के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है।
रोहित-कोहली इसी वनडे सीरीज से टीम इंडिया में वापसी करते दिखेंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा। रोहित-कोहली ने सिडनी वनडे 25 अक्टूबर को खेला था। इस तरह दोनों 35 दिन आराम करते दिखेंगे।
घरेलू क्रिकेट खेल सकते हैं रोहित-कोहली
हालांकि इसी बीच मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रोहित-कोहली लय बरकरार रखने के लिए घरेलू क्रिकेट खेल सकते हैं। कप्तान शुभमन गिल ने इस बारे में कहा है कि जल्द ही BCCI और टीम मैनेजमेंट इस बारे में बात करेंगे। इसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज में कोहली-रोहित का प्रदर्शन
विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया सीरीज के शुरुआती दो वनडे मैचों में खाता नहीं खोल सके थे, लेकिन तीसरे मैच में 74 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने पहले वनडे में 8 रन बनाए थे। उसके बाद दूसरे मैच में 73 और तीसरे वनडे में 121 रन की नाबाद पारी खेली। रोहित को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टी20 सीरीज
पहला टी20: 29 अक्टूबर, कैनबरा
दूसरा मैच: 31 अक्टूबर, मेलबर्न
तीसरा मैच: 2 नवंबर, होबार्ट
चौथा मैच: 6 नवंबर, गोल्ड कोस्ट
पांचवां मैच: 8 नवंबर, ब्रिस्बेन
साउथ अफ्रीका सीरीज का शेड्यूल
टेस्ट सीरीज:
पहला मैच: 14 से 18 नवंबर, कोलकाता
दूसरा मैच: 22 से 26 नवंबर, गुवाहाटी
वनडे सीरीज:
पहला मैच: 30 नवंबर, रांची
दूसरा मैच: 03 दिसंबर, रायपुर
तीसरा मैच: 06 दिसंबर, विशाखापत्तनम
टी20 सीरीज:
पहला मैच: 09 दिसंबर, कटक
दूसरा मैच: 11 दिसंबर, चंडीगढ़
तीसरा मैच: 14 दिसंबर, धर्मशाला
चौथा मैच: 17 दिसंबर, लखनऊ
पांचवां मैच: 19 दिसंबर, अहमदाबाद

