मुझे भी नहीं पता मैंने कौन सी गेंद फेंकी: रोहित के वीडियो पर अश्विन का रिएक्शन, शर्मा ने कहा- ऋद्धिमान बेस्ट विकेटकीपर
Published:
3 min read

स्पोर्टस डेस्क .टीम इंडिया के दो दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन एक बार फिर अपने मजेदार अंदाज की वजह से चर्चा में हैं। इस बार वजह है एक पुराना वीडियो, जिसमें रोहित शर्मा बंगाल की अंडर-23 टीम से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस टीम के कोच हैं भारत के पूर्व विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा। इस वीडियो पर अश्विन ने ऐसा मजेदार रिएक्शन दिया कि फैंस हंसने लगे। रोहित ने महेंद्र सिंह धोनी को नहीं बल्कि शाह को बेस्ट विकेटकीपर बताया।
रोहित ने की साहा तरीफ
दरअसल, सोशल मीडिया पर रोहित का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह बंगाल की अंडर-23 टीम से बातचीत कर रहे हैं। इसे पूर्व भारतीय विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा कोच कर रहे हैं। बातचीत के दौरान हिटमैन ने साहा को सराहा और उन्हें भारत का बेहतरीन विकेटकीपर बताया।

अश्विन के पास बहुत वैरायटी
रोहित इस दौरान बताते हैं कि जब रवींद्र जडेजा और अश्विन जैसे स्पिनर टर्निंग पिच पर बाॅलिंग करते थे, तब विकेट के पीछे खड़े रहना कितना मुश्किल होता था। खास तौर पर अश्विन की बाॅलिंग को लेकर रोहित ने मजेदार बात कही। उन्होंने कहा कि अश्विन के पास इतनी सारी बाॅलिंग वैरायटी होती थीं कि कई बार खुद अश्विन को भी नहीं पता होता था कि उन्होंने कौन-सी गेंद फेंकी है। जैसे कैरम बाॅल और गुगली।
अश्विन का X पर रिएक्शन
रोहित की इसी बात पर अब अश्विन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मजेदार रिएक्शन दिया। अश्विन ने लिखा- रोहित being रोहित। आज तक मुझे भी नहीं पता कि मैंने कौन-सी गेंद फेंकी। मजाक से हटकर, साहा वाकई कमाल के विकेटकीपर थे। अश्विन का यह जवाब तेजी से वायरल हो गया और फैंस को काफी पसंद आ रहा है। यह पहली बार नहीं है जब अश्विन और रोहित की नोक-झोंक या मजेदार बातचीत ने लोगों का ध्यान खींचा हो।

11 साल में साहा ने 40 टेस्ट मैच खेले
साहा की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए 11 साल के कॅरियर में 40 टेस्ट मैच खेले। विराट कोहली की कप्तानी में भारत की घरेलू टेस्ट सफलता में साहा का बड़ा अहम रोल रहा। उनकी विकेटकीपिंग खास तौर पर स्पिन बाॅलिंग के खिलाफ शानदार मानी जाती थी। हालांकि, बाद में ऋषभ पंत के टेस्ट टीम में आने से साहा को बाहर होना पड़ा।

साहा अब बंगाल की अंडर-23 टीम के कोच
साहा क्रिकेट से संन्यास के बाद अब कोचिंग में कॅरियर बना रहे हैं। वह फिलहाल बंगाल की अंडर-23 टीम के कोच हैं। हाल ही में उनकी टीम की मुलाकात रोहित शर्मा से एक जिम सेशन के दौरान हुई, जहां रोहित ने खिलाड़ियों को फिटनेस और कप्तानी से जुड़े अनुभव भी साझा किए।
रोहित ने किया फिटनेस पर काम
हिटमैन ने पिछले कुछ टाइम से अपने फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर चर्चा में रहे हैं। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने युवा खिलाड़ियों को बताया कि इंटरनेशनल क्रिकेट में फिट रहना कितना जरूरी है।

