‘आप इंग्लैंड से पूछ सकते हो’: रोहित शर्मा ने इंग्लिश टीम पर ली चुटकी, VIDEO
Published:
2 min read

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड की लगातार हार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट खेलना आसान नहीं होता और इस बात की पुष्टि इंग्लैंड खुद कर सकता है।
स्पोर्ट्स डेस्क. रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में चल रही एशेज सीरीज का जिक्र करते हुए इंग्लैंड टीम पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में खेलना सबसे मुश्किल होता है। साथ ही कहा इसके बारे में इंग्लैंड से पूछा जा सकता है। इंग्लैंड की टीम इस समय 2025-26 एशेज सीरीज खेलने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। 5 मैचों की सीरीज के पहले 3 टेस्ट में इंग्लैंड को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया पहले ही सीरीज जीत चुका है । इंग्लैंड की एशेज जीतने की उम्मीदें शुरुआती 11 दिनों में ही खत्म हो गईं।
रोहित शर्मा रविवार दोपहर को गुरुग्राम में एक इवेंट में शामिल हुए। इवेंट के दौरान उन्होंने कहा- "ऑस्ट्रेलिया में खेलना सबसे मुश्किल है। आप इंग्लैंड से पूछ सकते हैं।" उन्होंने यह बयान ऑस्ट्रेलिया में खेलने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए दिया। बता दें इंग्लैंड पहले दो टेस्ट पर्थ और ब्रिस्बेन में आठ-आठ विकेट से हार गया था। ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड ओवल में खेले गए तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 82 रनों से हरा दिया था।
ऑस्ट्रेलिया में रोहित शर्मा का प्रदर्शन
रोहित शर्मा ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच 26 से 30 दिसंबर 2024 के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला था। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 1000 रन बनाने वाले इकलौते भारतीय बल्लेबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट क्रिकेट में रोहित का रिकॉर्ड ज्यादा मजबूत नहीं रहा है।
नवंबर 2013 में टेस्ट डेब्यू के बाद से उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 10 टेस्ट खेले हैं। इन मैचों की 19 पारियों में रोहित ने 439 रन बनाए हैं। उन्होंने तीन हाफ सेंचुरी बनाई हैं और एक बार जीरो पर आउट भी हुए हैं। पिछली टेस्ट सीरीज में रोहित ने ऑस्ट्रेलिया में तीन टेस्ट खेले थे, जिसमें उन्होंने 5 पारियों में सिर्फ 31 रन बनाए थे।
इंग्लैंड पर क्लीन स्वीप का खतरा
एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट 26 से 30 दिसंबर के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है। अब बेन स्टोक्स की टीम को हराकर 4-0 की बढ़त लेना चाहेगा। बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया पैट कमिंस और नाथन लियोन के बिना उतर सकता है। लियोन चोट के कारण बाहर हैं। कमिंस को आराम दिया जा सकता है।

