हमें मर-मर के फाइनल तक पहुंचना चाहिए: रोहित ने 2020 में मंधाना-जेमिमा से कही ये बात, अब वुमन्स टीम बनी वर्ल्ड चैम्पियन; VIDEO
Published:
3 min read

2020 के एक पोडकास्ट में रोहित शर्मा, स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने ICC खिताब को लेकर बात की थी। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्पोर्ट्स डेस्क. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। टीम ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया। इसी बीच रोहित शर्मा, स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स का 5 साल पुराना एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें रोहित ICC ट्रॉफी जीतने के लिए मर-मर के फाइनल तक पहुंचने की बात कहते दिख रहे हैं।
दरअसल, टीम इंडिया ने 2013 ICC चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद ICC टूर्नामेंट में टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन सेमीफाइनल और फाइनल में उसे हार मिल रही थी। मेन्स टीम ने 2015 और 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हार झेली थी। जबकि 2017 चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान से शिकस्त मिली थी।
दूसरी ओर वुमन्स टीम को भी 2017 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। इन सबको लेकर 2020 के एक पोडकास्ट में रोहित, मंधाना और जेमिमा ने बात की थी। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में रोहित-मंधाना के बीच क्या बात हुई…
- रोहित ने कहा- हम दोनों टीमों के बीच में एक चीज कॉमन है कि ICC नॉकआउट में हम लोग सेमीफाइनल और आप लोग फाइनल में हार रहे हैं।
- मंधाना ने हंसते हुए कहा- मुझे लगता है कि एक लीग मैच हारना जरूरी है और फिर ICC नॉकआउट जीतना चाहिए। पिछले दो वर्ल्ड कप में हम लीग और नॉकआउट मैच जीतते थे, लेकिन सेमीफाइनल या फाइनल में हार जाते थे।
- रोहित ने कहा- यहां तक कि 2019 वनडे वर्ल्ड कप में भी, हमने लीग मैच में सिर्फ इंग्लैंड से एक मुकाबला हारा और फिर सेमीफाइनल हार गए। तुम सही हो एक तरह से। हमें ना मर-मर के जाना है फाइनल्स तक।
- मंधाना बोलीं- हमें टॉप पोजिशन पर रहते हुए क्वालिफाई नहीं करना चाहिए।
वुमन्स वर्ल्ड कप में इंडिया इसी तरह खिताब जीती
इस वुमन्स वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का सफर भी कुछ इसी तरह रहा है। टीम काफी मुश्किलों के साथ सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंची। पहले उसने पाकिस्तान और श्रीलंका को हराकर शानदार शुरुआत की।
इसके बाद भारतीय टीम ने हार की हैट्रिक लगाई। उसे लगातार तीन मैचों में साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा। यहां से लग रहा था कि टीम इंडिया सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच पाएगी।
हालांकि सिनेरियो कुछ ऐसा बना कि भारतीय टीम ने अगले मैच में न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। सेमी में ऑस्ट्रेलिया को और फिर फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीता।

