वनडे में वापसी की तैयारी में रोहित शर्मा: सरफराज-आयुष के साथ नेट पर पसीना बहाया, अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज
Published:
3 min read

रोहित ने कप्तानी करते हुए अब तक 2500 से ज्यादा रन बनाए हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में टीम इंडिया की शुरुआत बहुत शानदार रही। टीम ने पहले दो मैच में जीत के साथ सुपर-4 में जगह बना ली है। उधर, रोहित शर्मा वनडे में वापसी के लिए नेट्स पर खूब पसीना बहा रहे हैं। उनके साथ आयुष म्हात्रे और सरफराज खान ने भी प्रैक्टिस की। आयुष और सरफराज दोनों ने रोहित के साथ सोशल मीडिया पर फोटो भी शेयर की।
आयुष ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की
इससे पहले भी हिटमैन ने आयुष को एक बल्ला गिफ्ट किया था। आयुष ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर करके लिखा - यह सिर्फ एक बल्ला नहीं बल्कि एक प्रेरणा है। धन्यवाद रोहित दादा।
सरफराज को बैटिंग टिप्स देते हुए नजर आए रोहित
सरफराज ने इंस्टाग्राम स्टोरी में रोहित के साथ नेट्स प्रैक्टिस की फोटो शेयर की। इस फोटो में दिखाई दे रहा है कि रोहित सरफराज को बल्लेबाजी करने की टिप्स देते हुए नजर आ रहे हैं। सरफराज ने हाल ही में 17 किलो वजन कम करने का फोटो भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया था।
केवल वनडे फॉर्मेट में ही खेलते दिखेंगे रोहित
रोहित ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया। साल 2024 में इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले रोहित ने टी20 इंटरनेशनल से भी रिटायरमेंट ले लिया था। फिलहाल रोहित वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट ही खेल रहे हैं। उम्मीद है अगर वे फिट रहे तो 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलते नजर आ सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से वापसी
IPL के बाद रोहित मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे। वनडे फॉर्मेट में रोहित आखिरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी में खेले थे। अक्टूबर में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 वनडे के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। पहला मैच 19 अक्टूबर को पर्थ में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 23 अक्टूबर को एडिलेड और आखिरी मैच 25 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाएगा।
रोहित का वनडे कॅरियर
रोहित ने 2007 में वनडे में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वनडे में रोहित के नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं। रोहित के नाम वनडे में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 264 रन की पारी खेली थी। रोहित ने 273 वनडे में 48.76 की एवरेज से 11,168 रन बनाए हैं। रोहित के नाम 32 सेंचुरी और 58 फिफ्टी शामिल हैं। वह इंडिया के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। ऑस्ट्रेलिया में भी रोहित का रिकॉर्ड शानदार रहा है। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया में 30 मैच में 1328 रन बनाए हैं। इसमें 5 सेंचुरी और 4 फिफ्टी शामिल हैं। रोहित का बेस्ट स्कोर ऑस्ट्रेलिया में 171 है।

