पद्म श्री लेने क्यों नहीं पहुंचे रोहित शर्मा: पहले बैच में नहीं था नाम, इसलिए नहीं भेजा गया आमंत्रण; दूसरे बैच में मिलेगा अवॉर्ड
Published:
2 min read

रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शार्मा को पद्म श्री सम्मान मिलने की घोषणा हुई थी, लेकिन जब 25 मई को दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में समारोह हुआ, तो वह वहां मौजूद नहीं थे। इस वजह से फैंस थोड़े हैरान हो गए और सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि आखिर रोहित शर्मा समारोह में क्यों नहीं पहुंचे। असल में यह कोई विवाद या परेशानी वाली बात नहीं है। इसके पीछे सिर्फ शेड्यूल और सरकारी प्रक्रिया वजह है।
रोहित समारोह में क्यों नहीं गए?
रोहित का नाम पद्म श्री समारोह के पहले बैच में शामिल नहीं था। इसलिए उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया था। भारत सरकार पद्म पुरस्कार कई चरण में देती है। सभी सम्मान एक ही दिन या एक ही समारोह में नहीं दिए जाते। इसलिए रोहित शर्मा राष्ट्रपति भवन में मौजूद नहीं थे।

फैंस क्यों हुए कन्फ्यूज?
जब दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में कई बड़ी हस्तियों को सम्मान मिला और रोहित शर्मा नजर नहीं आए, तो लोगों को लगा कि शायद कोई समस्या है या उन्होंने अवॉर्ड लेने से मना कर दिया है। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। यह सिर्फ समय और आयोजन का फर्क था।
हरमनप्रीत समारोह में शामिल हुईं
रोहित के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी पद्म श्री देने की घोषणा हुई थी। हरमनप्रीत कौर समारोह में शामिल हुईं और उन्होंने राष्ट्रपति से सम्मान लिया।

रोहित को कब मिलेगा पद्म श्री
रोहित को यह सम्मान बाद के समारोह में दिया जाएगा, जो राष्ट्रपति भवन में आयोजित होगा। उन्हें दूसरे बैच में ये अवॉर्ड दिया जाएगा। फिलहाल इसकी तारीख सामने नहीं आई है।

IPL 2026 में रोहित का परफॉर्मेंस
रोहित मुंबई इंडियंस के लिए इंडियन प्रीमियर लीग IPL 2026 में खेलते नजर आए थे, लेकिन चोटों की वजह से उनका पूरा सीजन ठीक नहीं रहा। रोहित शर्मा ने इस सीजन सिर्फ 9 मैच खेले और 283 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 157.22 और औसत 35.38 रहा।अब उम्मीद है कि वह 14 जून से शुरू होने वाली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत की जर्सी में वापसी करेंगे।वहीं हरमनप्रीत कौर इसके बाद वह इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले महिला वनडे के लिए भारतीय महिला टीम के साथ जुड़ गईं।

