रोहित का पहला प्यार ODI क्रिकेट: 2027 के लिए फिटनेस पर फोकस, लाइफस्टाइल में बदलाव लाए, हिटमैन में काफी क्रिकेट बाकी
Published:
3 min read

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 30 नवंबर से वनडे सीरीज शुरू हो रही है। पहला मैच रांची में खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. 38 साल की उम्र में भी रोहित शर्मा का जुनून और फिटनेस देखकर कोई भी हैरान हो सकता है। कभी मुंबई के बोरीवली का दुबला-पतला, बेहद स्टाइलिश बल्लेबाज अब फिर से उसी पुरानी बैटिंग स्टाइल के साथ दिखाई दे रहा है। ODIs यानी वनडे क्रिकेट के लिए उनका प्यार आज भी उतना ही गहरा है, और इसी वजह से उन्होंने अपने खेल और फिटनेस में बड़ा बदलाव किया है।
फिटनेस पर फोकस
भारतीय वनडे टीम के पहले अभ्यास में रोहित शर्मा की धार साफ दिखी। फील्डिंग कोच ने जैसे ही गेंद रोल की, रोहित ने एकदम सटीक निशाना लगाते हुए गेंद को सीधे मिडिल स्टंप के बीचों बीच हिट किया। खिलाड़ियों और कोच ने तालियां बजाकर उनकी तारीफ की। रोहित पहले से ज्यादा फिट और चुस्त नजर आ रहे थे।
पिछले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान खेले गए अपने आखिरी टेस्ट मैच के बाद रोहित ने अपनी लाइफस्टाइल में बड़ा बदलाव किया। इन 10 महीनों में उन्होंने खान-पान, ट्रेनिंग और रूटीन को लेकर सख्ती अपनाई, सिर्फ इसलिए कि वह वनडे क्रिकेट खेलते रहें, जो उनका पसंदीदा फॉर्मेट है।

लाइफस्टाइल में बड़ा बदलाव
ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से कुछ दिन पहले एक दोस्त ने उन्हें बाहर डिनर के लिए बुलाया। रोहित ने मना करते हुए कहा कि वह केवल घर का हेल्दी खाना ही खाएंगे। दोस्त को लगा मजाक है। लेकिन इस बार रोहित बिल्कुल गंभीर थे। जिन्होंने उन्हें ऑस्ट्रेलिया में देखा, उन्होंने कहा कि रोहित लगभग 10 किलो वजन कम कर चुके थे।
रोहित में बदलाव तब भी नहीं देखा गया था जब वे टेस्ट कप्तान थे या जब IPL में लगातार रिकॉर्ड बना रहे थे। इससे साफ है कि रोहित के लिए वनडे क्रिकेट कितना खास है। यह वही फॉर्मेट है जिसमें वह अभी भी भारत के लिए खेलते हैं और जल्दी रुकने के मूड में नहीं हैं।

उनके वनडे कॅरियर को लेकर कई तरह की बातें चल रही थीं। कई लोग मान रहे थे कि वह शायद 2027 वर्ल्ड कप तक नहीं खेल पाएंगे। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के अंतिम मैच में उनकी 121 रनों की पारी ने सबका नजरिया बदल दिया। उन्होंने दिखाया कि अभी उनमें बहुत क्रिकेट बाकी है।
गिल की कप्तानी में खेलने में भी रोहित को कोई परेशानी नहीं है। मेलबर्न में बारिश के दौरान गिल के साथ उनकी हंसी-मजाक वाली तस्वीरें इसका सबूत थीं। मैदान पर वह यंग बॉलर्स को टिप्स देते हुए दिखाई देते हैं। हर्षित राणा तो विकेट लेने के बाद सीधे रोहित के पास जाकर उनका शुक्रिया अदा करते थे। रांची में लंबा प्रैक्टिस सेशन करने के बाद रोहित युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को समझाते नजर आए।
3 वनडे मैच की सीरीज
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 30 नवंबर से वनडे सीरीज शुरू हो रही है। पहला मैच रांची में खेला जाएगा। रोहित 35 दिन बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे हैं। नेट्स पर काफी देर बैटिंग की। पहला मैच 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा, दूसरा मैच 3 दिसंबर को रायपुर में और आखिरी मुकाबला 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम में होगा।

