ODI में बतौर कैप्टन लौट सकते हैं रोहित: रिपोर्ट्स में दावा- ODI वर्ल्ड कप में भी कप्तानी करेंगे; गंभीर-अगरकर से BCCI खफा
Published:
3 min read

रोहित शर्मा अभी विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे है।
स्पोर्ट्स डेस्क. रोहित शर्मा के फैन्स के लिए शायद एक अच्छी खबर सामने आ रही है। हिटमैन एक बार फिर भारतीय वनडे टीम की कप्तानी संभालते नजर आ सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो BCCI चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर से खुश नहीं है। ऐसे में BCCI एक बड़ा फैसला कर सकती है।
भारतीय बोर्ड चाहता है कि रोहित शर्मा 2027 ODI वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की कप्तानी करें। रिपोर्ट्स की मानें तो भारतीय बोर्ड ने सिलेक्टर आरपी सिंह को इस बारे में बात करने के लिए रोहित शर्मा के पास भेजा था।
रोहित इस समय मुंबई टीम की ओर विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे हैं। उन्होंने पहला मैच जयपुर में सिक्किम के खिलाफ खेला था, जिसमें 155 रनों की पारी खेली थी। इसी दौरान आरपी सिंह ने अलग से रोहित शर्मा से बात की। उन्होंने पूरा मामला समझाकर कप्तानी करने के लिए मनाने की कोशिश की।
आरपी ने रोहित को पूरा मामला समझाया
एक रिपोर्ट के मुताबिक- सिक्किम के खिलाफ मैच के बाद आरपी ने रोहित से करीब एक घंटे बात की। दावा है कि इस दौरान आरपी ने रोहित को बताया कि बोर्ड गंभीर और अगरकर के काम से खुश नहीं है।सूत्रों ने बताया कि सभी सिलेक्टर्स और BCCI ऑफिशियल्स को अब यह अहसास हो गया है कि उन्होंने रोहित को कप्तानी से हटाकर गलती की है। अब वे रोहित को दोबारा वनडे टीम का कप्तान बनाना चाहते हैं।
आरपी सिंह ने यह सारा मामला बताते हुए रोहित को समझाने की पूरी कोशिश की। अब इस मामले में आखिरी फैसला रोहित को ही लेना है। यदि हिटमैन BCCI के इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेते हैं तो वनडे वर्ल्ड कप 2027 में टीम इंडिया की कप्तानी संभालते नजर आएंगे।

रोहित की जगह गिल को बनाया कप्तान
रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जिताया था। टूर्नामेंट का फाइनल रोहित की कप्तानी का आखिरी वनडे था। 9 मार्च को हुए इस फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया था।
इसके बाद भारतीय टीम ने अगला वनडे 19 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेला था। 3 वनडे की इस सीरीज के लिए रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई थी। टीम इंडिया ने यह सीरीज 1-2 से गंवा दी थी। गिल की बतौर कप्तान यह पहली वनडे सीरीज थी।
हिटमैन रोहित को 2017 में पहली बार वनडे टीम की कप्तानी मिली थी। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने 56 वनडे खेले, जिसमें से 42 जीते और 12 में हार मिली। एक मैच टाई और एक बेनतीजा रहा।

