ICC ODI रैंकिंग- रोहित 18 साल में पहली बार नंबर 1: 38 साल की उम्र में यह मुकाम हासिल किया; शुभमन गिल पिछड़े
Published:
3 min read

रोहित शर्मा (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. रोहित शर्मा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक नंबर है। 38 साल की उम्र में उन्होंने ICC की वनडे रैंकिंग में नंबर 1 बल्लेबाज बनकर नया कीर्तिमान हासिल किया है। रोहित ने अपने ही साथी और भारतीय कप्तान शुभमन गिल को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके ये कामयाबी हासिल की। वैसे खास बात ये भी है कि 18 साल के कॅरियर में रोहित पहली बार ODI रैंकिंग में टॉपर बने हैं।
781 पॉइंट के साथ टॉपर
रोहित की ये कामयाबी इसलिए खास है, क्योंकि उन्होंने शुभमन गिल को पीछे छोड़कर वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। अब उनके पास 781 रेटिंग पॉइंट हैं, जबकि अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान 764 और गिल 745 अंकों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। विराट कोहली भी टॉप 10 में बने हुए हैं। वो छठवें नंबर पर हैं, उनके 725 पॉइंट हैं। श्रेयस अय्यर भी नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
टॉप 10 में 4 भारतीय बैटर
ICC द्वारा बुधवार (29 अक्टूबर) को जारी की गई बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप 10 में चार भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं।
781 पॉइंट के साथ रोहित शर्मा पहले नंबर पर हैं। विराट कोहली को एक पायदान का नुकसान हुआ है, जिसके चलते वह पांचवें स्थान से फिसलकर छठवें नंबर पर पहुंच गए हैं। शुभमन गिल को भी दो पायदान का नुकसान हुआ है। हालांकि, श्रेयस को रैंकिंग में एक पायदान का फायदा मिला है।
3 मैच में 202 बनाए
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में रोहित ने 202 रन बनाए। उनका एवरेज 101 रहा। आखिरी मैच में सिडनी में उन्होंने नाबाद 121 रन की पारी खेली और टीम इंडिया को 9 विकेट से बड़ी जीत दिलाई। इसी शानदार परफॉर्मेंस की बदौलत उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी मिला।

रोहित का वनडे कॅरियर
रोहित वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए चौथे और ओवरऑल 10वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर हैं। उन्होंने 276 मैचों में 48.76 की एवरेज से 11,370 रन बनाए हैं। इनमें 33 सेंचुरी और 59 हाफ सेंचुरी के साथ 3 दोहरे शतक भी शामिल हैं। उनका बेस्ट स्कोर 264 है। इस साल रोहित ने 11 वनडे मैच खेले और 504 रन बनाए हैं। इसमें 2 सेंचुरी और 2 हाफ सेंचुरी शामिल है। इस साल का उनका हाईएस्ट स्कोर 121 रहा है।
टेस्ट और टी20 से रोहित हो चुके रिटायर्ड
रोहित ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया। इससे पहले 2024 में भारत के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद उन्होंने टी20 से भी रिटायरमेंट लिया था। फिलहाल रोहित वनडे फॉर्मेट में ही खेलते हैं।

